सोमवार, 12 सितंबर 2022

मुरादाबाद के युवाओं की संस्था ’अल्फाज़’ ने अपने तीसरे वार्षिकोत्सव पर 11 सितंबर 2022 को आयोजित किया कवि सम्मेलन एवं मुशायरा--- जश्न-ए-अल्फाज़

मुरादाबाद के युवाओं के जोश से भरी संस्था 'अल्फाज़' ने अपने तीन वर्ष पूर्ण करने पर रविवार 11 सितंबर 2022 को कवि सम्मेलन एवं मुशायरा.... जश्न-ए-अल्फाज़ का आयोजन किया।

     दीन दयाल नगर स्थित ट्रीट ओ क्लॉक कैफे में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ विशेष गुप्ता, धवल दीक्षित, प्रिया अग्रवाल, फक्कड़ मुरादाबादी, ललित कौशिक आदि  ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। 

 कार्यक्रम में बरेली से आए युवा साहित्यकार एडवोकेट मध्यम सक्सेना, ज़िया ज़मीर, चंदौसी से मोहम्मद हनीफ, राजीव प्रखर, मयंक शर्मा, नोएडा से अंकुश सिंह और फक्कड़ मुरादाबादी ने काव्य पाठ किया।

     अतिथियों में सूरज सक्सेना, डॉ मनोज रस्तोगी, कपिल कुमार, विवेक निर्मल, अनुज अग्रवाल, डॉ पूनम बंसल, दुष्यंत बाबा, शरद कौशिक, आशुतोष शर्मा, एच. पी. शर्मा, मंजू लता सक्सेना आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम अल्फ़ाज़ की संस्थापिका अभिव्यक्ति सिन्हा और सह - संस्थापक अमर सक्सेना की देखरेख में हुआ। संचालन राघव गुप्ता ने किया। मुस्कान, उत्कर्ष, सचिन और हिमांशु का विशेष योगदान रहा। इस दौरान केक काटकर संस्था के तीन वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया गया।  सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 अभिव्यक्ति सिन्हा ने बताया कि अल्फाज़ युवा साथियों को उनकी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करता है, जहां वे बेझिझक अपना हुनर दिखा सकते हैं । कार्यक्रम में कांठ से कक्षा केंद्र की टीम का पूरा सहयोग रहा। इस अवसर पर नमिता, अंजना, मीना, नई किरण संस्था, पूजा राणा, विपिन, मुकुल, साहिल, पल्लवी, वंदना, आदि बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। आभार  अमर सक्सेना ने अभिव्यक्त किया।




















































































 

रविवार, 11 सितंबर 2022

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य सदन की ओर से शनिवार 10 सितंबर 2022 को आयोजित कार्यक्रम में मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ अजय अनुपम के गीत-संग्रह ‘दर्द अभी सोये हैं’ का लोकार्पण

      मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ अजय अनुपम के  गीत-संग्रह ‘दर्द अभी सोये हैं’ का लोकार्पण शनिवार 10 सितंबर 2022 को साहित्यिक संस्था  हिंदी साहित्य सदन के तत्वावधान में श्रीराम विहार कालोनी मुरादाबाद स्थित विश्रांति भवन में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवगीतकार माहेश्वर तिवारी ने की, मुख्य अतिथि के रूप में दिव्य सरस्वती इंटर कालेज के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्यावरण मित्र समिति के संयोजक के. के. गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम द्वारा किया गया।

      इस अवसर पर लोकार्पित कृति- ‘दर्द अभी सोये हैं’ से रचनापाठ करते हुए डॉ अजय अनुपम ने गीत सुनाये-

 "दर्द क्या है दंश का

यह बोलती हैं चुप्पियाँ

कौन इस चेतन घृणा के

पाप का दोषी कहो

ज़ख़्म, सिसकी, मौत या फिर

एक खामोशी कहो

नर्म कलियाँ खोजती हैं

तेल वाली कुप्पियाँ"

 उन्होंने एक और गीत सुनाया -

 "अब हम खुद बाबा दादी हैं

कल आदेश दिया करते थे

आज हो गए फरियादी हैं

भीषण कोलाहल के भीतर

असमय सोना असमय खाना

मोबाइल से कान लगाए

यहाँ खड़े हो वहाँ बताना

अपने को ही भ्रम में रखना

सच को हौले से धकियाना

छोटे बड़े सभी की इसमें

देख रहे हम बर्बादी हैं।"

 कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुप्रसिद्ध नवगीतकार यश भारती माहेश्वर तिवारी ने कहा- "अजय अनुपम ने अपने गीतों में जहाँ एक ओर सामाजिक विसंगतियों पर अपनी टिप्पणी की है और आज के समय के सच को बयान किया है वहीं दूसरी ओर समाज के अलिखित संदर्भों पर अपनी तीखी अभिव्यक्ति भी दी है। कवि ने अपने गीत संग्रह के माध्यम से अपने समय की पड़ताल भी की है।"

      वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. मनोज रस्तोगी ने इस अवसर पर अपने आलेख का वाचन किया- ‘इस संग्रह के अधिकांश गीतों में जहां समाज की पीड़ा का स्वर मुखरित हुआ है वहीं राजनीतिक विद्रूपताओं को भी उजागर किया गया है। जिंदगी की भाग दौड़ में व्यस्तता के बीच रिश्तों में आ रही टूटन, बिखराव, स्वार्थ लोलुपता  और भूमंडलीकरण के मकड़जाल में उलझती जा रही नई पीढ़ी की मानसिकता को भी उन्होंने अपने गीतों में बखूबी व्यक्त किया है।"

  कवि राजीव प्रखर ने पुस्तक की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए कहा- ‘डॉ अजय अनुपम के 109 गीतों को संजोए हुए यह गीत संग्रह यह दर्शाता है कि रचनाकार विद्रूपताओं एवं विसंगतियों से भले ही व्यथित हो किंतु उसने सकारात्मकता एवं आशा का दामन नहीं छोड़ा है। यह सभी गीत पाठक के अंतस को गहरे स्पर्श करने की अद्भुत क्षमता लिए हुए हैं।’ 

    कवयित्री डॉ पूनम बंसल, के पी सरल, ज्योतिर्विद विजय दिव्य, सुशील कुमार शर्मा आदि ने भी डॉ अजय अनुपम को बधाई दी। आभार-अभिव्यक्ति डॉ कौशल कुमारी ने प्रस्तुत की।