आदर्श कला संगम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आदर्श कला संगम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 22 जनवरी 2026

मुरादाबाद की संस्था आदर्श कला संगम की ओर से श्रीराम-विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर 21 जनवरी 2026 को काव्य-संध्या का आयोजन

 अयोध्या में प्रभु श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर साहित्यिक एवं कला संस्था आदर्श कला संगम की ओर से बुधवार 21 जनवरी 2026 को दिव्य सरस्वती कन्या इण्टर कॉलेज लाइनपार में काव्य-संध्या का आयोजन किया गया। मयंक शर्मा द्वारा प्रस्तुत माता शारदे की वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विश्वास शर्मा ने की। मुख्य अतिथि राजीव कुमार शर्मा एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में  रंगकर्मी राजेश रस्तोगी, हरिप्रकाश शर्मा एवं सुनील कुमार शर्मा मंचासीन हुए। संयोजन डॉ. प्रदीप शर्मा एवं संचालन योगेन्द्र वर्मा व्योम ने किया। 

 ओंकार सिंह ओंकार ने सुनाया- 

तुलसी में जैसे बसे, कमल नयन छवि धाम।

 अंतस में कभी और के, नहीं बसे श्रीराम।। 

डॉ. कृष्ण कुमार नाज़ का कहना था - 

सोमवार बाईस जनवरी चौबिस इतना ख़ास। 

लौटे राम अयोध्या नगरी ख़त्म हुआ वनवास 

कि घर-घर छाया है उल्लास।

 अशोक विद्रोही के अनुसार- 

अग्नि शिखाऐं सीता माँ को, किंचित जला नहीं पायीं। 

राम जल गये निर्मल जल में सरयू बीच गति पायी। 

भू से जन्मी सिया, सिया के, भू में प्राण समाये हैं।

  डॉ. अर्चना गुप्ता ने राम-रसधार इस प्रकार चलायी-

 कितनी पावन कहानी है श्री राम की।

 तुलसी ने लिख दी बानी है श्री राम की। 

अपहरण माता सीता का जब हो गया, 

दिखता आँखों में पानी है श्री राम की।

 डॉ. मनोज रस्तोगी ने अपने भावों को शब्द देते हुए कहा-

 दाऊ दयाल खन्ना को जब,

 त्यागी दिनेश का साथ मिला। 

मुरादाबाद की पावन धरती पर , 

तब विचार का एक दीप जला।। 

 योगेन्द्र वर्मा व्योम ने वातावरण को इन शब्दों से रामरस में डुबोया- 

कृपासिंधु के रूप में, छवि धर ललित-ललाम। 

दिव्य अयोध्या में हुए, प्राण-प्रतिष्ठित राम।। 

जग में श्रद्धा-भाव से, करने जन-कल्याण। 

हुआ भव्यतम-दिव्यतम, मन्दिर का निर्माण।। 

काव्य-पाठ करते हुए राजीव प्रखर ने कहा-

अवध की गोद में देखो, हुआ फिर आज उजियारा। 

मधुर सुर-ताल से सजकर, चली है काव्य की धारा।  

विजयश्री सत्य ने पायी, चलो अब साथ ही मिलकर, 

सियापति राम का तुम भी, लगा लो आज जयकारा। 

  मीनाक्षी ठाकुर ने रामधारा को आगे बढ़ाते हुए अपने भावों को इस प्रकार शब्द दिए- 

धर्म-ध्वजा लहराई नभ पर, कण-कण मानो राम हुआ। 

सदियों का उदबोधन है यह, मंगलमय आयाम हुआ। 

 मयंक शर्मा की अभिव्यक्ति थी- 

कर पूर्ण प्रण वनवास का लौटे प्रभु निज धाम, 

महकी अवध की हर दिशा गुंजित हुआ एक नाम, 

श्रीराम, श्रीराम, श्रीराम जय जय राम। 

दुष्यंत बाबा ने कहा- 

राम नाम की महिमा सुनकर जड़ चेतन हो जाते हैं। 

लिए थाल में हीरे मोती, जलधि सामने आते हैं। 

 आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ की अभिव्यक्ति थी-

 राम अनंत है, राम अपार है 

राम प्रारम्भ है, राम विस्तार है, 

जिसने जैसा देखा उसने वैसा लिखा, 

राम ऐसे अद्भुत उद्गार है। 

सुनील शर्मा ने आभार अभिव्यक्त किया। 



































रविवार, 21 नवंबर 2021

मुरादाबाद की संस्था आदर्श कला संगम (पंजीकृत) की ओर से 21 नवम्बर को आयोजित समारोह में साहित्यकार डॉ महेश दिवाकर समेत सात विभूतियां हुईं सम्मानित

 मुरादाबाद की संस्था आदर्श कला संगम (पंजीकृत)  की ओर से  दिव्य सरस्वती बालिका इंटर कालेज लाइनपार में रविवार 21 नवम्बर 2021 को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम में प्रोफ़ेसर महेंद्र प्रताप स्मृति सम्मान डा. महेश दिवाकर को, मास्टर फिदा हुसैन नरसी स्मृति सम्मान से डा. विनीत गोस्वामी को, वाचस्पति शर्मा स्मृति सम्मान ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र शर्मा, कमला शर्मा स्मृति सम्मान वीना सेमवाल को,  कमलेश कुमार स्मृति सम्मान निमित जायसवाल को, बलवीर पाठक स्मृति सम्मान इंद्रदेव त्रिवेदी, वीरेंद्र कुमार अरोरा स्मृति सम्मान कथावाचक आचार्य धीरशांत दास को दिया गया। सभी सम्मानित होने वाली विभूतियों को अभिनन्दन पत्र, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

      एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। मेहनत और लगन के दम पर उसे मंजिल मिल जाती है। शिक्षा पाने का लक्ष्य केवल किसी कंपनी या सरकारी विभाग में उच्च पदों पर आसीन हो जाना नहीं है। एक श्रेष्ठ समाज की रचना में सक्रिय भूमिका निभाना उद्देश्य होना चाहिए।

     कोठीवाल डेंटल कालेज के डायरेक्टर डा. केके मिश्रा ने कहा कि सम्मान एक व्यक्ति या संस्था के लिए प्रशंसा की एक उत्साहजनक भावना है। यह दूसरों के प्रति एक व्यक्ति द्वारा दिखाए सम्मान और दया भावना को दिखाता है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम एक दूसरे के सम्मान में समाज में सद्भाव लाने के लिए कार्य करें और हमेशा याद रखें कि सम्मान माँगा नहीं जाता बल्कि अर्जित किया जाता है और सम्मान हमारे महान कर्मों और कार्यों के माध्यम से अर्जित होता है।

      मानस कला मंच के निर्देशक व वरिष्ठ रंगकर्मी राजेश रस्तोगी ने कहा कि एक व्यक्ति जो अपने व्यवहार से कार्यालय, घर या समाज के लिए की गतिविधियों के माध्यम से संपत्ति कमाता है उसमें सम्मान सर्वप्रथम है।

     सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डा. ब्रजपाल सिंह यादव ने कहा कि शब्द 'सम्मान' की कोई विशिष्ट परिभाषा नहीं है और न ही कोई ऐसा सूत्र है जो आपको दूसरों का सम्मान करने में सहायता करेगा। 

      कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी डा. प्रदीप शर्मा ने किया व आभार श्री रामलीला महासंघ के महामंत्री प्रमोद रस्तोगी ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ मनोज रस्तोगी, प्रमोद रस्तोगी, राजदीप शर्मा, शैलेंद्र अगवाल, कुमार देव, जीवन लता शर्मा, पूनम गुप्ता, श्रीराम शर्मा, आलोक राठौर, नरेंद्र कुमार, सुप्रीत गोपाल, सुमित श्रीवास्तव, राजेन्द्र मोहन शर्मा आदि उपस्थित रहे।














:   ::::प्रस्तुति:::::::
डॉ प्रदीप शर्मा, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, भारत

रविवार, 12 सितंबर 2021

मुरादाबाद की संस्था आदर्श कला संगम ने रविवार 12 सितम्बर को किया कवि मयंक शर्मा को पंडित वाचस्पति शर्मा स्मृति सम्मान से सम्मानित, आयोजित हुई काव्य गोष्ठी

  मुरादाबाद की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था आदर्श कला संगम की ओर से हिन्दी पखवाड़े पर एक काव्य-गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन दिव्य सरस्वती इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया। वरिष्ठ कवयित्री डाॅ. प्रेमवती उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत माँ शारदे की वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वप्रसिद्ध नवगीतकार  माहेश्वर तिवारी ने की। मुख्य अतिथि डाॅ. के. के. मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध रंगकर्मी श्री राजेश रस्तोगी व डाॅ. प्रदीप शर्मा मंचासीन रहे। संचालन सुप्रसिद्ध नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम ने किया। कार्यक्रम में महानगर के उभरते हुए रचनाकार मयंक शर्मा को पंडित वाचस्पति शर्मा स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के पश्चात् एक शानदार काव्य-संध्या का भी आयोजन किया गया जिसमें महानगर के रचनाकारों ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी।

यश भारती माहेश्वर तिवारी की अभिव्यक्ति कुछ इस प्रकार थी -
कभी-कभी मेरे भीतर,
जंगल उग आता है।
खरगोशों-सा मन,
घासों के संग बतियाता है।
सहसा नायक बन जाते हम,
परी कथाओं के।
सपनों के संग जुगनू
उड़ते हैं संग हवाओं के।

सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार डॉ मक्खन मुरादाबादी ने कुछ इस प्रकार अन्तस को झिंझोड़ा -
वह सबको खुश रखती थी
खुश ही रहती थी,
एक नदी, बहती थी,
अब नहीं बहती।

वीरेन्द्र ब्रजवासी ने गीत की तान इस प्रकार छेड़ी -
तन वैरागी मन वैरागी, जीवन का हर क्षण वैरागी।
डाॅ. प्रेमवती उपाध्याय ने गीत की मिठास में इस प्रकार सभी को डुबोया - 
बिना ज्ञान के मोहपाश में जकड़ा जीता है।
भरा हुआ घर बार मगर अंतरघट रीता है।।

डाॅ. मनोज रस्तोगी के पैने व्यंग्य इस प्रकार थे -
सुन रहे यह साल आदमखोर है।
हर तरफ चीख, दहशत, शोर है।
मत कहो यह वायरस ज़हरीला बहुत, आदमी ही आजकल कमज़ोर है।

योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' ने आम व्यक्ति की वेदना को इस प्रकार साकार किया - 
भूख मिली थी कल रस्ते में
बता रही थी हाल।
पतली-सी रस्सी पर
नट के करतब दिखा रही
पीठ-पेट को ज्यों रोटी का मतलब सिखा रही।
हैं उसकी आँखों में लेकिन,
ज़िन्दा कई सवाल।

राजीव 'प्रखर' ने हिन्दी को नमन करते हुए कहा -
चाहे जो भी धर्म हो, चाहे जो परिवेश।
हिन्दी से ही एक है, अपना भारत देश।। 
मानो मुझको मिल गये, सारे तीरथ धाम।
जब हिन्दी में लिख दिया, मैंने अपना नाम।।

मनोज वर्मा 'मनु' की अभिव्यक्ति कुछ इस प्रकार रही -
हिन्दी के हित के लिये, पखवाड़ा पर्याप्त।
फिर दिन साढ़े तीन सौ, घुट अंधियारा व्याप्त।।

युवा कवि मयंक शर्मा ने गीत सुनाया- 
जन्म सार्थक हो धरा पर, स्वप्न हर साकार हो। 
हम चलें कर्तव्य पथ पर, और जय जयकार हो।
कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, सतीश कुमार, राजदीप शर्मा, सुशील शर्मा, सुमित श्रीवास्तव, संजय स्वामी श्रीराम शर्मा, घनश्यामदास, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे । 























::::::::प्रस्तुति:::::::
डॉ. प्रदीप शर्मा
सचिव, आदर्श कला संगम
मुरादाबाद,उत्तर प्रदेश, भारत