उमाकान्त गुप्ता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उमाकान्त गुप्ता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2024

मुरादाबाद के साहित्यकार (वर्तमान में मुंबई निवासी) प्रदीप गुप्ता के सम्मान में रविवार 11 फरवरी 2024 को साहित्यिक मिलन का आयोजन

मुरादाबाद के साहित्यकार (वर्तमान में मुंबई निवासी) प्रदीप गुप्ता के सम्मान में रविवार 11 फरवरी 2024 को साहित्यिक मिलन का आयोजन किया गया। आयोजन में उपस्थित साहित्यकारों ने मुरादाबाद के साहित्यिक परिदृश्य पर चर्चा के साथ- साथ काव्य पाठ भी किया। दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक उमाकांत गुप्त के संयोजन में उनके आवास पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ स्वीटी तालवाड़ ने की जबकि मुख्य अतिथि प्रदीप गुप्ता रहे। संचालन डॉ मनोज रस्तोगी एवं माॅं शारदे की वंदना राजीव प्रखर ने प्रस्तुत की। संयोजन उमाकांत गुप्ता का रहा।              रचना-पाठ करते हुए वीरेंद्र सिंह ब्रजवासी का कहना था - 

अति विनाश का कारण होती, 

इतना   हमने    जाना    होता। 

मानव   से   ईश्वर   बन  पाना, 

बहुत कठिन   है  माना  होता। 

संयोजक उमाकांत गुप्त ने कहा - 

गीत उमर  ने लिख डाले हैं 

सांसो के खाते धुंधले हैं 

इन राहों में जितने बिछड़े 

यादें ही अब शेष हो रहीं 

फोन किया है पूछा तुमने 

दिन मेरे कैसे गुजरे हैं 

मुख्य अतिथि प्रदीप गुप्ता ने वेदना को साकार किया - 

प्रतिभा का भंडार  भरा था 

सपनों का संसार रचा  था। 

रचना का आकार गढ़ा था 

चिंतन का विस्तार बड़ा  था। 

फिर भी ख़ुद को बेच नहीं पाया। 

डॉ अजय अनुपम ने परिस्थितियों का चित्र खींचा - 

टूटते भय-बन्ध सारे जग हंसाई के 

और गहरे रंग हो जाते लुनाई के। 

मौन हो जाते अधर दृग मौन हो जाते, 

बात जब करते कभी कंगन कलाई के।। 

वरिष्ठ रचनाकार श्रीकृष्ण शुक्ल ने प्रणय दिवस को शब्द दिये - 

एक दूजे के हम स्वयं, सदा रहें अनुरूप। 

वैलेंटाइन का प्रिये, यही सात्विक रूप।। 

वैलेंटाइन तुम जपो, अपना भला बसन्त। 

अपने तो आदर्श हैं, शकुन्तला दुष्यंत।। 

कवयित्री डॉ पूनम बंसल ने मधुमासी रंग में सभी को डुबोया - 

जीवन की दहलीज पर,जब आया मधुमास।

 सपने भी हैं खिल उठे,लिए हृदय में आस।। 

राम नाम की मुद्रिका,जब हो मन के पास। 

जीवन मर्यादित बने,पूरी हो हर आस।। 

डॉ पुनीत कुमार ने व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक विद्रूपता पर प्रहार करते हुए कहा - 

प्यार अगर ऑनलाइन होता है।

 सब कुछ सुपर फाइन होता है 

जेब खाली,पर बात लाखों की, 

मुफ्त ही में  वेलेंटाइन होता है।

  शायर डॉ कृष्णकुमार  'नाज़' के इन शेरों ने सभी के हृदय को स्पर्श किया - 

इतना-सा लेखा-जोखा है, जीवन की अलमारी में, 

कुछ तो वक़्त सफ़र में गुज़रा, कुछ उसकी तैयारी में।

निश्छल मुस्कानों का अपना, एक अलग दर्शन है 'नाज़'। 

सातों सुर मिलकर हँसते हैं, बच्चे की किलकारी में। 

डॉ  अर्चना गुप्ता की अभिव्यक्ति थी -

 प्यार का अहसास अब भी उन खतों में कैद है। 

याद भी उनकी हमारी हिचकियों में कैद है। 

खनखनाते रहते हैं यादों के सिक्के उम्र भर

आज तक बचपन हमारा गुल्लकों में कैद है।  

संचालन करते हुए डॉ मनोज रस्तोगी ने कहा - 

सूरज की पहली किरण 

जब उतरी छज्जे पर,  

आंगन का सूनापन उजलाया। 

गौरैया ने चीं चीं कर 

फैलाए अपने पर, 

एक मीठा सपना याद दिलाया। 

  राजीव 'प्रखर' ने अपने दोहों से सभी को मधुमासी रंग में डुबो दिया - 

ओढ़े चुनरी प्रीत की, कहता है मधुमास। 

ओ अलबेली लेखनी, होना नहीं उदास।। 

नीम ! तुम्हारी छाॅंव में, आकर बरसों बाद। 

फिर से ताज़ा हो उठी, बाबूजी की याद।। 

 ज़िया ज़मीर ने खूबसूरत ग़ज़ल से महफ़िल लूटी - 

हमारे कौन से मिसरे पे उसका साया नहीं। 

वो एक नाम जो अब तक कहीं भी आया नहीं, 

चला गया वो हमें छोड़ के यूं ही इक दिन। 

बुरा किया कि सबब तक हमें बताया नहीं। 

 मीनाक्षी ठाकुर ने मधुमास को इन शब्दों से सुंदर अभिव्यक्ति दी - 

नर्म हुआ दिनमान गुलाबी, 

मधुमास  संग मुस्काया। 

पूस ठिठुरता चला गया है, 

माघ बावरा मदमाया। 

पीली सरसों नाच रही है, 

मस्त मगन बिन साज के। 

पीत-वसन,सुरभित आभूषण, 

ठाठ  बड़े ऋतुराज के! 

कवयित्री हेमा तिवारी भट्ट ने प्रकृति का सुंदर चित्रण किया - 

घोर तम की नींद से सूरज जगा है। 

देख फिर विश्वास को सम्बल मिला है। 

कर दिये थे बंद किस्मत ने खजाने। 

थी थकी मुस्कान बैठी हार माने। 

अंकुरा पादप हँसी का तब नया है।

घोर तम की नींद से सूरज जगा है। 

धन सिंह धनेंद्र ने कहा –

तन पर श्रमविन्दु हैं आते। 

होकर घायल लहू  बहाते। 

तन पे कपडे़ सुखते जाते। 

पीकर पानी भूख मिटाते। 

जाने कब दिन कट जाता। 

श्रमिक दिवस मन जाता।। 

प्रत्यक्ष देव त्यागी का कहना था– 

इतना भी क्या डरना खुद में। 

जीते जी क्यों मरना खुद में। 

तरसों जब मिलने को मुझसे, 

मेरी ग़ज़ल को गढ़ना खुद में।

 राशिद हुसैन का कहना था - 

जख्मों पे इसलिए वो मेहरबान बहुत है। 

दुश्मन हमारा आज पशेमान बहुत है।। 

 अध्यक्षता करते हुए दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय की सेवा निवृत प्राचार्या डॉ स्वीटी तालवाड़ ने  इस प्रकार की गोष्ठियों के निरंतर आयोजन पर बल दिया। आभार संतोष गुप्ता ने व्यक्त किया ।















































रविवार, 5 दिसंबर 2021

मुरादाबाद के साहित्यकार स्मृतिशेष दयानंद गुप्त के रचना समग्र --कारवां का लोकार्पण समारोह

 मुरादाबाद के साहित्यकार स्मृतिशेष दयानन्द गुप्त के समस्त रचनाकर्म का संकलन “कारवाँ-श्री दयानन्द गुप्त-समग्र” का लोकार्पण रविवार पांच दिसम्बर 2021 को किया गया। सिविल लाइन स्थित दयानन्द आर्य कन्या महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध नवगीतकार माहेश्वर तिवारी ने की, मुख्य अतिथि के रूप में बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष  डा. विशेष गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विख्यात ग़ज़लकार डा. कृष्ण कुमार नाज़  रहे। कार्यक्रम का संचालन नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम द्वारा किया गया।

        कार्यक्रम का आरंभ माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन तथा संदीप सक्सेना द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती वन्दना से हुआ। इसके पश्चात कीर्तिशेष दयानन्द गुप्त के चित्र पर पुष्पहार चढ़ाये गये। कीर्तिशेष दयानन्द गुप्त के सुपुत्र और पुस्तक के संपादक उमाकांत गुप्त ने दयानन्द गुप्त जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनकी कुछ रचनाओं का वाचन भी किया।

      मुख्य वक्ता के रूप में डा.मक्खन मुरादाबादी, डा.मनोज रस्तोगी, डा.अजय अनुपम, डा. चंद्रभान सिंह यादव एवं सूर्यकांत द्विवेदी ने लोकार्पित पुस्तक कारवाँ काव्य संकलन पर अपनी समीक्षा व विचार रखते हुए कहा कि दयानन्द जी की अधिकांश रचनाएँ 1930 से 1970 के बीच की हैं, उस समय की चर्चित पत्रिका सरस्वती में प्रकाशित भी हुईं, इसके अलावा उनके कहानी संग्रह की भूमिका महान साहित्यकार सूर्यकांत त्रिपाठी निराला ने लिखी। 

      इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा दयानन्द गुप्त जी की कुछ रचनाओं की संगीतबद्ध प्रस्तुति दी गई। नवोदित साहित्यकारों मीनाक्षी वर्मा एवं इला सागर को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में  बाल सुन्दरी तिवारी, सुधीर गुप्ता, वाई.पी. गुप्ता, राजीव प्रखर, डॉ काव्यसौरभ रस्तोगी, डा. कंचन सिंह, अशोक विद्रोही, डा. विनोद कुमार, डा. श्वेता, अनवर कैफी, मनोज मनु, शिशुपाल मधुकर, राहुल शर्मा, रघुराज निश्चल, अशोक रस्तौगी, डॉ.रीता सिंह, श्रीकृष्ण शुक्ल, फरहत अली, मनोज मनु, शिवओम वर्मा, स्वीटी तलवाड़, डॉ मीरा कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आभार अभिव्यक्ति कार्यक्रम की आयोजिका संतोष रानी गुप्ता ने प्रस्तुत की। 





































::::प्रस्तुति::::::

उमाकांत गुप्त

प्रबंधक

दयानंद डिग्री कालेज

मुरादाबाद