आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 20 जून 2021

मुरादाबाद के साहित्यकार आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ की रचना ----जीवन दायक जीवन का आधार पिता



जीवन दायक जीवन का आधार पिता 

बालक का तो है सारा संसार पिता

 धरती मां है नभ का है विस्तार पिता

 बालक गीली माटी हैं तो  कुम्हार पिता 

जिसके हाथों में मूर्त बन जाती है 

ऐसा अद्भुत शिल्पकार है यही पिता 

जीवन दायक जीवन का आधार पिता

 बालक का तो है सारा संसार पिता।

✍️आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ, मुरादाबाद

रविवार, 17 जनवरी 2021

संस्कार भारती मुरादाबाद की ओर से आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज में काव्य गोष्ठी का आयोजन

  संस्कार भारती साहित्य समागम  की प्रथम वर्षगांठ पर 17 जनवरी 2021 रविवार को काव्य गोष्ठी का आयोजन आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज मुरादाबाद में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराजा हरिश्चंद्र महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ मीना कौल ने की।  मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ मनोज रस्तोगी एवं विशिष्ट अतिथि बाबा संजीव आकांक्षी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मां सरस्वती की वंदना राजीव प्रखर ने प्रस्तुत की 

        काव्य गोष्ठी में डॉ मीना कौल ने नारी विमर्श पर अपनी सशक्त रचना प्रस्तुत करते हुए कहा----

स्त्री!

तू कोई खिलौना नहीं

कि कोई भी तुमसे खेल सके।

         मुरादाबाद के साहित्य को संजोने का ऐतिहासिक कार्य कर रहे 'साहित्यिक मुरादाबाद' के संचालक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ मनोज रस्तोगी ने  कोरोना के संदर्भ में अपनी रचना के माध्यम से जागरूक किया ---

 करना दूर से नमस्ते भइया

 हाथ ना मिलाना तुम

 जब भी निकलो घर से 

मास्क पहनकर जाना तुम 

        संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री बाबा संजीव आकांक्षी ने कहा --

है नरों के  इंद्र ने 

तुम को जगाया

अब भी ना जागे तो

 यह महापाप होगा।

        महानगर की युवा कवयित्री मीनाक्षी ठाकुर ने श्रीराम मंदिर निर्माण के संदर्भ में अपनी ओजस्वी वाणी से आह्वान किया ----

श्रीराम धरा पर आकर तुम

 फिर से सृष्टि उद्धार करो 

      अपने दोहों और मुक्तकों से एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके युवा साहित्यकार राजीव प्रखर ने कहा ----

दिलों से दूरियां तज़ कर

 नए पथ पर बढ़ें  मित्रों

 नया भारत बनाने  को 

 नई  गाथा   गढ़ें  मित्रों।

खड़े हैं संकटों के जो 

बहुत से आज भी दानव।

 सजाकर श्रंखला सुद्रढ़ 

चलो उनसे लड़ें मित्रों।

      नवोदित कवयित्री शीतल ठाकुर ने कहा---

 सच के साथ चलना

 सच को दिखाना 

यही उद्देश्य अपना ।

        युवा रचनाकार ईशांत शर्मा ईशु ने कहा----

 मान भी जाओ, मनाना जरूरी है क्या

 प्यार हर बार, जताना जरूरी है क्या 

       आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ ने कहा----

 जीवन एक संग्राम हैं

 जिसमें चलना अविराम है

कार्यक्रम के अंत में मंच द्वारा सभी उपस्थित साहित्यकारों का माल्यार्पण कर साहित्य समागम के एक वर्ष पूर्ण होने की बधाई  दी गई और आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन राजीव प्रखर  द्वारा किया गया।

























::::::::::प्रस्तुुुुति::::::::
आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ, मुरादाबाद


सोमवार, 16 मार्च 2020

संस्कार भारती मुरादाबाद की ओर से रविवार 15 मार्च 2020 को हुआ काव्य फुहार का आयोजन

संस्कार भारती महानगर  मुरादाबाद के तत्वावधान में काव्य फुहार एवं कोरोनावायरस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आकांक्षा विद्यापीठ मिलन विहार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रघुराज सिंह "निश्चल" ने की। मुख्य अतिथि सम्भल से आये व्यंग्यकार अतुल शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में योगेंद्र पाल विश्नोई और संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री  संजीव आकांक्षी रहे।
रश्मि प्रभाकर द्वारा प्रस्तुत माँ सरस्वती की वंदना से आरम्भ इस कार्यक्रम में अशोक विद्रोही ने सुनाया -
कोरोना ने विश्व में मचा दिया कोहराम
 होता तेज बुखार और सर्दी खांसी जुकाम
 सर्दी खांसी जुकाम चीन से आई बीमारी
 मरे हजारों लोग हुई घोषित महामारी
 कह विद्रोही बार-बार हाथों को धोना
 सावधान लो पहन मास्क न होय कोरोना

डॉ मनोज रस्तोगी  ने हास्य कविता पढ़ी -
आज विज्ञान का है पेपर
 याद नहीं कोई चैप्टर
जैसे तैसे हनुमान चालीसा गाते हुए
हमने परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया

मनोज मनु ने कहा -
 फागुन तेरे आ जाने पे
 ना जाने क्या बात हुई
 खुशियों से दिल झूम उठा
 जब रंगों की बारात हुई।

 शुभम कश्यप ने कहा कि-
फिजा की जद में अपना गुलिस्ता है
हर एक इंसान यहां नोहा-खुऑं है कोरोना वायरस फैला है जबसे दिलों में भी अपने हैं डर का समां है।

शायर  मुरादाबादी ने फरमाया-
 उसको मैसेज भिजवाया है हिंदी में
मैंने खुद को समझाया है हिंदी में।

 रश्मि प्रभाकर ने कहा कि-
 दिल दुखाने की बात करते हो आके जाने की बात करते हो
दर्द देते हो बेशुमार और फिर मुस्कुराने की बात करते हो।

 राशिद मुरादाबादी ने कहा कि-
 ममता सेवा त्याग ही तो
इसकी पहचान होती है
नारी का सम्मान करो तुम
नारी तो महान होती है।

अनिरुद्ध उपाध्याय आजाद ने कहा कि-
 क्या बीत रही होगी
उस मां के दिल पर
जिसका लाल नहीं लौटा
अबकी घर होली पर।

 योगेंद्र वर्मा व्योम ने कहा कि-
 क्या आपने क्या गैर सब खुशियां बांटे संग
 आज मिटे हर  शत्रुता कहते सारे रंग।
 
आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ ने कहा कि-
 चढ़कर जो ना उतरे वह खुमार होली है
दुश्मन को जो बना दे यार वह त्यौहार होली है
हर जंग के रंग को जो फीका कर दे ।
वही आपसी प्यार होली है।।

 मयंक शर्मा ने कहा कि -
रंगो के रंग में रंग जाए खेले मिलकर होली
मुंह से मीठा सा बोले भूलके कड़वी बोली।

ईशांत शर्मा ईशु ने कहा कि-
हाथ मिलाना संस्कृति नहीं थी हमारी
 हाथ जोड़ने की संस्कृति पड़ रही है सब पर भारी।

संभल से पधारे अतुल कुमार शर्मा ने कहा कि-
 मधुशालाएं मौत का सामान बांटने लगे
 कुत्ते शराबियों का मुंह चाटने लगे।

 रघुराज सिंह निश्चल ने कहा कि-
होली की शुभकामना करें सभी स्वीकार।
 हाथ जोड़ करता नमन  सब को बारंबार।

कपिल शर्मा ने कहा -
"न यह ऊँचाई सच्ची है, न यह आधार सच्चा है।
अगर सच्चा है दुनिया में, तो माँ का प्यार सच्चा है।"

के० पी० सिंह 'सरल' ने कहा -
"हँसी ठिठोली के बिना, होली लगे उदास।
खुलकर होना चाहिए, खूब हास परिहास।।"

राजीव 'प्रखर' ने कहा -
"राजा-बिन्दर-सोफ़िया, और मियाँ अबरार।
चलो मनाएं प्रेम से, होली का त्योहार।।
गुमसुम पड़े गुलाल से, कहने लगा अबीर।
चल गालों पर खींच दें, प्यार भरी तस्वीर।।

संजीव 'आकांक्षी' का कहना था -
"सारे शहर से अच्छी खासी यारी है।
उसे यह मुगालता बड़ा भारी है।
अब तो दोस्त दुश्मन में भी फर्क करना छोड़ दिया,
ज़हन ओ दिल में सियासत इस कदर जारी है।"

योगेन्द्र पाल सिंह विश्नोई ने कहा-
"प्यार की कल्पना ही करो मित्रवर,
प्यार की गंध मौसम में घुल जायेगी।"

इस अवसर पर उपस्थित सभी साहित्यकारों ने कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ लेते हुए सभी लोगों से कोरोना वायरस के बचाव के उपायों को अपनाने एवं सुरक्षा में सरकार की सहायता करने  की अपील की।

 कार्यक्रम  में वरिष्ठ साहित्यकार योगेंद्र पाल विश्नोई को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए संस्कार भारती के द्वारा संस्कार भारती कला साधक सम्मान से सम्मानित किया गया। युवा शायर शुभम कश्यप को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए सम्मानित किया गया।
 कार्यक्रम में  हरीश वर्मा, डॉ सौरव भारद्वाज, अशोक कुमार यादव एडवोकेट, रवि चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन युवा गीतकार मयंक शर्मा ने किया ।

 :::::::::: प्रस्तुति::::::::
  ** आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ/राजीव प्रखर
मुरादाबाद 244001
उत्तर प्रदेश, भारत