मुरादाबाद लिटरेरी क्लब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मुरादाबाद लिटरेरी क्लब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 20 अगस्त 2020

मुरादाबाद के साहित्यकार स्मृतिशेष ब्रजभूषण सिंह गौतम अनुराग की पुण्यतिथि पर " मुरादाबाद लिटरेरी क्लब" द्वारा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा ---


      वाट्स एप पर संचालित साहित्यिक समूह 'मुरादाबाद लिटरेरी क्लब' द्वारा  "ज़मीं खा गयी आसमां कैसे कैसे" शीर्षक के तहत 17 अगस्त 2020 को साहित्यकार ब्रजभूषण सिंह गौतम अनुराग की पुण्यतिथि पर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की गई। चर्चा दो दिन चली। सबसे पहले ग्रुप के सदस्य योगेंद्र वर्मा व्योम ने ब्रजभूषण सिंह गौतम अनुराग के प्रतिनिधि गीत पटल पर रखे।

चर्चा शुरू करते हुए प्रख्यात नवगीतकार माहेश्वर तिवारी ने कहा कि गौतम जी ने पर्याप्त मात्रा में लेखन किया है और छांदस कविता के क्षेत्र में प्रचलित लगभग सभी छंद विधानों में अपनी लेखनी चलाई है। ऐसी सामर्थ्य पूर्ण प्रतिभा विरल लोगों में ही होती है ।
वरिष्ठ कवि शचीन्द्र भटनागर ने कहा कि अनुराग जी आयु में लगभग दो वर्ष बड़े थे मुझसे, पर घर हो या मंच, मुझे भाईसाहब कहकर ही संबोधित करते थे। ग़ज़ब की बेबाकी थी उनमें, पर विनम्र भी इतने कि यदि किसी से उनका मन आहत हुआ वर्णन करते समय आंखें गीली हो जाती थीं। गौतम जी ने जो लिखा वह विपुलता और गुणवत्ता दोनों ही दृष्टियों से श्रेष्ठ है। उनकी सृजन क्षमता ग़ज़ब की थी। उनके स्वयं के शब्दों में वह एक दिन में एक दर्जन से अधिक नवगीत लिख देते थे।
वरिष्ठ कवि डॉ अजय अनुपम ने कहा कि अनुराग जी की रचनाओं में जीवन का बहुआयामी चित्रण मिलता है। अपने समय में बहुत परिश्रम से समाज में अपनी पहचान बनाई थी। ग्राम्य परिवेश और नगरीय वातावरण दोनों को बारीकी से देखना उन्हें भली-भांति आता था। साहित्य में मुरादाबाद में उनका स्थान रिक्त है। रचनाकर्म के प्रति अब वैसा समर्पण अलभ्य है।
वरिष्ठ व्यंग कवि डॉ मक्खन मुरादाबादी ने कहा कि अनुराग जी एक बड़े साहित्यकार थे।उनका लेखन लोकगान भी था और लोकधाम भी।उनका सृजन अपनी मिट्टी की सौंधी गंध से पूर्णतः महका हुआ है।लोक की चिंताओं के साथ-साथ लोक कल्याण की भावना भी उनके साहित्य में भरी पड़ी है। असमानता, असंगति,विसंगति और समाज की समरसता को उन्होंने गाया है।समाज को उन्होंने गहराई से पढ़ कर  उसके लिए जो गढ़ा है वह कविता और समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
मशहूर शायरा डॉ  मीना नक़वी ने कहा कि स्मृति शेष कविता के मूर्धन्य समर्थ महाकवि अनुराग 'गौतम' जी को  अनेकानेक  गोष्ठियों में सुनने का गौरव प्राप्त हो चुका है। इसमें कोई संदेह नहीं कि इनकी रचनाओं का आकाश बहुत विस्तृत है जो अपनी धरती को एक क्षण नहीं भूलता। समर्थ छाँदस रचनायें उन्हें साहित्य में विशिष्ट स्थान दिलाती हैं।
वरिष्ठ कवियत्री डॉ प्रेमवती उपाध्याय ने कहा कि गीतों के सरस अनवरत निर्झर झरने की प्रकृति के कवि गौतम जी एक कोमल ह्र्दय के कवि थे। उनके गीतों में श्रंगार रस की अभिव्यक्ति अधिक रही, चाहें संयोग हो अथवा वियोग रस। जीवन की कष्ट वेदनाओं की अपरमित गाथा उनकी गजलों, उनके गीतों में भरी पड़ी है। गौतम जी ने अपने दुख को भी बहुत संवेदनशीलता के साथ उन्मुक्त भाव से व्यक्त किया।
वरिष्ठ कवि आनंद कुमार गौरव का दर्पण मेरे गाँव का और चाँदनी जैसी अमर कृतियों के कीर्तिशेष काव्य साधक के रचनाकर्म पर टिप्पणी के रूप में कहना था कि "बना घरौंदे नम माटी के मन की गागर भर लेने दो"और "मनमुटाव से बुझे पड़े हैं मन के सभी अलाव" जैसे सहजतह स्वीकार्य अनुभावों के साथ"दादी अम्मा की खटिया पर टूटी छप्पर छाँव, कैसे आज लौटकर आऊँ फिर पुरुखों के गाँव" लिखकर विवशता और पीड़ा अभिव्यक्ति, स्वयं प्रमाणित कर देती है,कि सत्य की कडुवाहट को पीना और उसी सत्य के साथ जीना ही, सहज, सात्विक, अनुशासनप्रिय, अनुराग गौतम जी को सदा प्रिय रहा।
वरिष्ठ कवि डॉ मनोज रस्तोगी ने कहा कि स्मृति शेष ब्रजभूषण सिंह गौतम 'अनुराग' जी के सम्पूर्ण साहित्य में ग्रामीण जीवन से लेकर महानगर की कोलाहल भरी जिंदगी तक के विभिन्न चित्र मिलते हैं। उनके गीतों में बहुआयामी प्रेम और विरह वेदना के स्वर है तो सामाजिक विषमताओं और विवशता की पीड़ा भी। जहां वह नायिका के रूप सौंदर्य का बखान करते हुए श्रंगार रस से परिपूर्ण गीत रचते हैं तो वहीं उनकी कलम आतंकवाद और राजनीति के छल प्रपंच के ऊपर भी चलती है। वह अपने आसपास होने वाली घटनाओं को भी अनदेखा नहीं करते। नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों के पतन पर भी चिंता व्यक्त करते हैं।
मशहूर नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम ने कहा कि अनुराग जी का कृतित्व निश्चित रूप से अनूठा है, अनौखा है, विलक्षण है इसलिए उनके कृतित्व की तुलना किसी भी अन्य देशी अथवा विदेशी व्यक्तित्व के कृतित्व से करना किसी भी दृष्टि से कदापि उचित नहीं होगा। उनके समग्र सृजन का यद्यपि अभी तक उस स्तर पर मूल्यांकन भले ही न हो पाया हो जिस स्तर के मूल्यांकन का सुपात्र उनका रचनाकर्म है, किन्तु यह अकाट्य सत्य है कि ‘अनुराग’ जी का समग्र सृजन हिन्दी साहित्य के इतिहास में मील का पत्थर है और भावी पीढ़ियों के लिए पथ-प्रदर्शक भी।
समीक्षक डॉ मोहम्मद आसिफ हुसैन ने कहा कि मेरे नज़दीक अनुराग जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनकी जो कृतियां अभी तक अप्रकाशित हैं उन्हें प्रकाशित कराया जाए ताकि एक अनमोल धरोहर हमारे सामने आ सके। एक गुज़ारिश यह भी है कि ऐसे महान स्मृतिशेष व्यक्ति के संबंध में दो चार लेख इस तरह के आने चाहिएं जिससे नई पीढ़ी उन से भली-भांति परिचित हो जाए। जैसे उस व्यक्ति के प्रारम्भिक रचना कर्म पर लिखा जाए, जिन परिस्थितियों में जीवन गुजा़रा और साहित्य सर्जन के लिए जो परिश्रम किया उस पर लिखा जाए। तत्पश्चात कृतियों और रचनाओं पर चर्चा हो ताकि नई पीढ़ी को हौसला मिल सके और उसका मार्गदर्शन हो सके और यह मालूम हो सके कि ऐसे व्यक्ति को यहां तक पहुंचने में कितनी मेहनत करनी पड़ी है।
युवा कवि राजीव प्रखर ने कहा कि श्री ब्रजभूषण सिंह गौतम 'अनुराग' अन्तस की वेदना को जीवंत कर देने वाले दुर्लभ रचनाकार थे। अपने मनमोहक गीतों के माध्यम से मुरादाबाद के साहित्यिक इतिहास में अमर 'अनुराग' जी ऐसे गीतकार हुए हैं, जिनकी रचनाऐं हृदय को भीतर तक स्पर्श करती हैं। जो वेदना उनकी रचनाओं के केन्द्र में रही, उसे उन्होंने स्वयं भी अवश्य अनुभव किया होगा, जिया होगा।
युवा कवियत्री हेमा तिवारी भट्ट ने कहा कि स्मृति शेष बृजभूषण सिंह गौतम अनुराग की विलक्षण प्रतिभा होने का ही साक्ष्य है क्योंकि प्रतिस्पर्धा में कुछ पंक्तियांँ, कुछ कविताएंं तो लिखी जा सकती हैं पर अस्वस्थता के बावजूद 190 छंद के मुकाबले 218 छंद लिखना वह भी कला और भाव पक्ष की स्तरीयता के साथ, यह कार्य किसी सामान्य लेखक के बूते का नहीं है। तभी तो वह मेरे लिए कौतूहल जगाते व्यक्तित्व ही हैं। उनका समर्पण भाव और सिद्धहस्तता ही उनके लेखन कौशल की वह विशेषता है जो आमतौर पर आज के समय के लेखकों में दुर्लभ है।
युवा कवि मयंक शर्मा ने कहा कि आदरणीय अनुराग जी के गीतों को पढ़कर सहज ही उनकी उत्कृष्ट लेखनी का अंदाज़ा लग जाता है। गीतों में प्रेम में मिलन की आस है तो विरह की वेदना भी है। सामाजिक विद्रूपताओं के विरुद्ध खड़ा होने वाला प्रतिनिधि कवि है तो प्रकृति का चितेरा, पुष्प की सुगंध और कांटों की चुभन को महसूस करने वाला कोमल ह्रदयी भी। शहरी जीवन से उकता कर गांव जाकर नीम की छाँव और मिट्टी की ख़ुशबू लेने की उत्कंठा भी है। हर रचना में सुंदर शब्दों से मनभावन वाक्य संयोजन किया गया है। इनको पढ़ना काव्य की कक्षा में अच्छा समय व्यतीत करने जैसा रहा।
युवा कवियत्री मीनाक्षी ठाकुर ने कहा कि अनुराग जी ने शायद समाज में आयी संबंधों की रिक्तता, स्वार्थपरता ,शहरीकरण, गाँवों का शहरों को पलायन, प्रकृति से दूरी का दर्द, सब कुछ तो समेट लिया है। दर्द के बावज़ूद कहीं न कहीं मानव मन में सहज भाव से उपजने वाले श्रृंगारिक भावों को भी बड़ी ही सुंदरता से जीवंत करता उनके  गीत बरबस ही प्रकृति व पुरूष के परस्पर आकर्षण को सजीव करते प्रतीत होते हैं। प्रकृति का सजीव चित्रण,दर्द की पीड़ा ,श्रृंगार की चमक ,समाज में अनुशासनहीनता व विद्ररुपता पर चलती पैनी कलम से सम्भवतः कहीं कुछ छुटा ही नहीं है।
ग्रुप एडमिन और संचालक शायर ज़िया ज़मीर ने कहा कि बृजभूषण सिंह गौतम अनुराग जी मुरादाबाद के वरिष्ठ कवि हैं। जिन्होंने बहुत लिखा है। गौतम जी के यहां प्रकृति से जुड़े शब्दों और प्रकृति से संबंधित गीत और रचनाएं अधिक देखने को मिलती हैं। जिसमें उन्होंने अपने कवि को व्यक्त किया है। इसके अलावा उनके यहां कुछ ऐसे शब्द भी हैं जो पुनरावृत हो कर आते हैं और खास तौर पर जिनका प्रयोग बाल साहित्य में अधिक होता है। इस तरह हम कह सकते हैं कि शब्दों को प्रयोग करने में उन्हें किसी तरह की झिझक नहीं थी चाहे वह साहित्यिक शब्द हो या ना हो इससे यह साबित होता है कि उनके पास शब्दों का बहुत अधिक भंडार था। यहां प्रस्तुत गीतों में बहाव भी है और भाव भी है। मुझे गौतम जी के कुछ गीत अच्छे लगे।

:::;;;:प्रस्तुति;;;;;;;;
ज़िया ज़मीर
ग्रुप एडमिन
मुरादाबाद लिटरेरी क्लब
मो०8755681225

मंगलवार, 18 अगस्त 2020

मुरादाबाद के साहित्यकार मयंक शर्मा केे दस गीतों पर "मुरादाबाद लिटरेरी क्लब" द्वारा ऑनलाइन साहित्यिक चर्चा-------


वाट्स एप पर संचालित साहित्यिक समूह मुरादाबाद लिटरेरी क्लब द्वारा 'एक दिन एक साहित्यकार' की श्रृंखला के अन्तर्गत 15 व 16 अगस्त 2020 को मुरादाबाद के युवा गीतकार मयंक शर्मा  केे दस गीतों पर ऑन लाइन   साहित्यिक  चर्चा का आयोजन  किया  गया । सबसे पहले मयंक शर्मा द्वारा   निम्न दस गीत पटल पटल पर प्रस्तुत किये गए-

(1)
जन्म सार्थक हो धरा पर स्वप्न हर साकार हो,
हम चलें कर्तव्य पथ पर और जय जयकार हो।।                               
कंटकों के बीच में भी हैं सुमन रहते खिले,
हो पवन जाती सुगंधित जब कभी इनसे मिले।
अन्न उपजाती स्वयं का वक्ष धरती चीरकर,
तृप्त होता मन सदा बहती नदी के तीर पर।
काज परहित के करें अपना यही व्यवहार हो।
हम चलें कर्तव्य पथ पर........ 

दीर्घजीवन भी निरा किस काम का बिन मान के,
हम चले जाएं बिना अपनी किसी पहचान के।
कामना प्रभु से भले दो अल्प जीवन सीढ़ियां,
त्याग ऐसे कर चलें हम याद रख लें पीढ़ियां।
हों विदा संसार से तो आँसुओं की धार हो।
हम चलें कर्तव्य पथ पर........     

बेल पर संघर्ष की खिलता सदा ही फूल है,
कुछ पलों का कष्ट मानो ठोकरों की धूल है।
इस समर में सामना है द्वेष, छल, मद, स्वार्थ से,
जीतना होगा हमें यह युद्ध निज पुरुषार्थ से।
लक्ष्य का संकल्प अपनी जीत का आधार हो।
हम चलें कर्तव्य पथ पर........

(2)

राम तुम्हें आना होगा इस धरा पर अबकी बार भी,
करना होगा धर्मशस्त्र से, दुःखियों का उद्धार भी।

काम, क्रोध, मद, लोभ, मोह ने सबको ऐसा घेरा है,
राह नहीं आसान जगत पर तम ने किया बसेरा है।
प्रेम, त्याग, पुरुषार्थ, शौर्य से गुण के तुम थे अवतारी,
राम नहीं कोई तुम जैसा रावण सब पर है भारी।
जीवन पथ आलोकित करके हरो घोर अंधियार भी,
करना होगा धर्मशस्त्र से....

मानव होकर हमने अपनी मानवता को मार दिया,
देव समझ बैठे थे ख़ुद को असुरों सा व्यवहार किया।
पथ में बिखरे शूल हमारे, अगणित अनचाहे डर हैं,
जीवन और मरण के जाने कैसे दोराहे पर हैं।
डोल रही जीवन नौका की थाम लो तुम पतवार भी,
करना होगा धर्मशस्त्र से....

(3)

मन ले चल अपने गाँव हमें शहर हुआ बेगाना,
दुख का क्या है दुख से अपना पहले का याराना।                                                           
इनकी पगडण्डी से लेकर हमने महल बनाये,
 पर अपने सिर के ऊपर इक छत भी डाल न पाए।। अब रातें सदियों सी लगतीं दिन सालों से  भारी, चलना है दुश्वार मगर चलने की ज़िम्मेदारी।
कुछ दिन रहना एक जगह फिर पंछी बन उड़ जाना।  मन ले चल...                                         

लगता है अब ख़ुद पर ख़ुद का ही अधिकार नहीं है, अपने मन वाले सपनों का ये संसार नहीं है।              मज़दूरी तो मजबूरी का नाम हुआ करती है,            तन से निकले खारे जल का दाम हुआ करती है।        याद रहेगा सपनों का आँसू बनकर बह जाना।        मन ले चल...                                                       

सोचा कब था इसी तरह हर दर्द छुपाना होगा!          अब तक जो पाया है उसका कर्ज़ चुकाना होगा।        ऐसे मुश्किल पल ने हमको सबक यही सिखलाया,    माटी में ही मिल जाएगा इस माटी का जाया।।          बिखर गया इस संकट में जीवन का ताना बाना,        मन ले चल...

(4)

स्वर्ग फिर स्वर्ग बनकर रहेगा
खून सड़कों पे अब न बहेगा।
रंग से हो सजी तस्वीर,
भारती अब हुआ कश्मीर।     

जो गवारा न थी एक धारा वही,
दुश्मनों के लिये वो सहारा रही।
थे उगलते ज़हर होंठ सब सिल गए,
दूर थे जो कभी अब गले मिल गए।
तोड़ डाली हरिक ज़ंजीर।
भारती अब हुआ....             

 है न आतंक में न कोई जंग में,
पत्थरों में नहीं न ये बदरंग में।
केसरी गंध में पुष्प मकरंद में,
है रचा औ बसा डोंगरी छंद में।
प्यार इसकी अजब तासीर।
भारती अब हुआ....             

दो कदम तुम चलो दो कदम हम चलें,
वादियों में वही ख़्वाब फिर से पलें।
हों अमन के निशाँ ख़ूबसूरत समाँ,
कान में घंटियाँ गूँजती हो अजाँ।
हाथ से फेंक दें शमशीर।
भारती अब हुआ...

(5)

बोल मजूरे ज़ोर लगाकर बोल मजूरे हल्ला,              मांगें हम ख़ैरात कोई न चाहें सस्ता गल्ला।               
अपनी ताक़त के दम से हैं दुनिया की तामीरें।
हम हीरे, चाँदी, सोना हैं हमसे हैं जागीरें।           
ठोकर पर क्यूँ रक्खो सर का ताज बनाकर रखना।    रूठेंगे तो टूटेगा हर एक तुम्हारा सपना।                हम सच के हामी हैं सच बोलेंगे खुल्लम खुल्ला।      बोल मजूरे ....                                                     
हम मज़दूर भले हों पर मजबूर नहीं हो सकते,      खून पसीने के हक़ से अब दूर नहीं हो सकते।          पाप तुम्हारे ज़ुल्मों का जब सर चढ़कर बोलेगा।        इंक़लाब की बोली तब बच्चा-बच्चा बोलेगा।   
अंगारे हम मत समझो तुम, पानी का बुलबुल्ला।        बोल मजूरे हल्ला बोल.....

(6)

साँझ ढले हो घना अँधेरा छत पर आ जइयो,          श्वेत चाँदनी की चादर चहुँ ओर बिछा जइयो।            चाँद आ जइयो...                     

तेरी एक झलक में परियों जैसा सम्मोहन है,              पूनम वाले दीप्त चाँद की छवि ही मनमोहन है।
धीरे-धीरे मुख से तेरा आँचल को सरकाना,              अँधियारी काली रातों का रौशन होते जाना।
तारों की बारात साथ में लेकर आ जइयो।
चाँद आ जइयो...

तेरा मादक बिम्ब नदी के जल में जब उतराता,
गोरी का यौवन भी उसके सम्मुख शरमा जाता।
नभ से आने वाली किरणें इस जग को चमकाएं,
मोहक मुखड़े को मिलती हैं तेरी ही उपमाएं।
आकर्षक ये रूप हमें हर शाम दिखा जइयो।
चाँद आ जइयो...

आज अँधेरा औ तुझमें कल चाँदी की बरसातें
ऐसे ही होते हैं दुख-सुख ईश्वर की सौगातें।
विपदाओं से डरना जैसे तेरा काम नहीं है,                चलते रहना है जीवन रुकने का नाम नहीं है।
हमको भी जीवन का तुम ये सार बता जइयो।
चाँद आ जइयो...

(7)

देखकर अपनी उड़ानें और सुख से प्रीत,                  लाँघकर भी रेख को हम थे नहीं भयभीत।

अंध मद में दौड़ते थे त्याग कर सब धीर,                   सामने था, न दिखा प्रकृति के नयन का नीर।           वेदना होती मुखर तो गूँजता है नाद,                       संकटों में हैं घिरे तब कर्म आये याद।
हार में भी मानते थे हम स्वयं की जीत।
लाँघकर भी रेख को....       

स्वच्छ नभ में हो रही अब लालिमा सी प्रात,              हैं विचरते मग्न होकर जीव औ जलजात।                पुष्प के अधरों पर खिली मंद सी मुस्कान,              और भ्रमरा छेड़ता अब प्रीत की रसतान।                स्वस्थ हो जाए धरा गूंजे मधुर संगीत।
लाँघकर भी रेख को....

(8)

लाल हुई केसर घाटी गूँजा अलगावी नारा, कायर गीदड़ ने धोखे से फिर शेरों को मारा।                    ज़ार-ज़ार रोकर कहता है भारत देश ये सारा,          अबकी व्यर्थ न जाने देंगे हम बलिदान तुम्हारा।                           
   
चूड़ी, बिछिया, ईंगुर, बिंदिया कुछ भी लौट न पाया,     हँसी-ख़ुशी जीवन का सपना, सपना ही रह पाया।     किसके सिर को छाती पर रक्खेगी माँ तुम बोलो!       बेटे की अर्थी का बोझा तोल सको तो तोलो।            बिन बेटे फीकी हैं ख़ुशियाँ सूना है जग सारा।
अबकी व्यर्थ....           

अनुबंधों में संबंधों में आग लगा दो सब में,                 हैं पिशाच वो, ढूँढ रहे नर, हम हैं किस ग़फ़लत में।     काग नहीं समझें भाषा, मीठी कोयल की बोली,         हैं दिखावटी गले मिलन वो खेलें ख़ून की होली।        ऑंखों में भर लें शोले औ दिल में हम अंगारा।
अबकी व्यर्थ....             

बरसों की ग़लती पर हम तो आज भी हैं शर्मिंदा,      नर्क बनाया स्वर्ग को जिसने वो वहशी है ज़िंदा।        छप्पन इंची सीना भी सिकुड़ा-सिकुड़ा सा जाए,        पत्थर को भी भस्म बना दे इक विधवा की हाए।        बिलख रही केसर की धरती कोई नहीं सहारा।
अबकी व्यर्थ....

(9)

रंगों के रंग में रंग जाएं खेलें मिलकर होली,
मुँह से कुछ मीठा सा बोलें भूलके कड़वी बोली।

ओढ़ बसंती चूनर फिर से इठलाई है धरती,
छोड़ पुरातन परिधानों को सजती और सँवरती
रंगों का है अर्थ हमारे जीवन में खुशहाली,
नव कोपल से पेड़ लदे हैं झूमे डाली-डाली।
प्रेम लुटाकर सब पर हम खुशियों से भर लें झोली।
मुँह से कुछ मीठा...

शिकवे और शिकायत सारी भस्म यहीं हो जाएं,
तन से तन का मेल नहीं बस मन से मन मिल जाएं।
रंगों का ये पर्व अनोखा है सबसे ही न्यारा,
ख़त्म हुआ जो हर रिश्ता जीवन लेता दोबारा।
संबंधों के फूल खिलाकर बन जाएं हमजोली।
मुँह से कुछ मीठा...

हर फागुन में सोए दिल की आग भड़क जाती है,
लाल गुलाबी चेहरे में जब सामने वो आती है।
उसके चंचल नयन सदा ही करते हैं मनमानी,
इतराती यौवन पर अपने लगती है अभिमानी।
पिचकारी से दागे है मानो वो बम की गोली।
मुँह से कुछ मीठा...

(10)

मृत्तिका की सर्जना में तेल बाती सा जलूँ,
एक दीपक तुम बनो तो एक दीपक मैं बनूँ।

एक दीपक प्रेम का हो एक हो विश्वास का,
शुष्क रेतीली धरा पर बारिशों की आस का।
एक दीपक तुम कि जो निर्मल करे अंतःकरण,
एक मैं वह दीप जिससे ज्ञान का हो जागरण।
एक दीपक में जले हर दोष बोले मिथ्य का,
एक दीपक जो जले हर द्वार पर आतिथ्य का।
दूर तुमसे हो तिमिर तब मैं भला तम क्यों जनूँ!
एक दीपक तुम बनो....

एक दीपक से प्रकाशित धर्म का हो आचरण,
आचरण की शुद्धता व्यभिचार का कर दे क्षरण।
मैं जलाकर राख कर दूँ पापियों के पाप को,
तुम हरो करुणा, दया से दीन के संताप को।
एक दीपक मैं बनूँ संघर्ष जिसकी सम्पदा,
एक तुम जो आँधियों में भी रहे जलता सदा।
हो जहाँ तक भी अँधेरा रौशनी को ले चलूँ,
एक दीपक तुम बनो....

कर गए बलिदान ख़ुद को चाँदनी की चाह में,
दीप जगमग हों सदा उन प्रहरियों की राह में।
स्वप्न स्वर्णिम रश्मियों के वे हमें देकर गए,
है समय अब आ गया निर्माण का भारत नए।
एक दीपक भारती के पुण्य वैभव गान का,
जन्म पावन इस धरा पर ईश्वरी वरदान का।
कामना है हर जनम में दीप बनकर ही जलूँ।
एक दीपक तुम बनो....

इन गीतों पर चर्चा शुरू करते हुए मशहूर शायर मंसूर उस्मानी ने कहा कि मयंक जी को मैंने जितना सुना था उससे ज्यादा लिटरेरी क्लब के पटल पर पढ़ा। मुझे कहने दिया जाये कि उनके गीतों में जिंदगी का जो हौसला अहसास की जो सच्चाई अपनी संस्कृति का जो सम्मान मौजूद है, वह उनके शानदार साहित्यिक भविष्य का अंदाजा लगाने के लिए बहुत काफी है।
वरिष्ठ कवि शचीन्द्र भटनागर ने कहा कि गेयता हो तो गीतात्मकता में माधुर्य और प्रभाव में वृद्धि हो जाती है। मयंक के प्रस्तुत गीतों में अध्यात्म है। परमार्थ पूर्ण जीवन की प्रेरणा है। मानव होकर मानवता विहीन होने का दु:ख है। श्रम जीवियों का अपना दर्द है। कश्मीर से संबंधित गीतों के माध्यम से देशभक्ति  का भाव उमड़ा है। सीमा के जांबाज प्रहरियों पर भरोसा है और विधेयात्मक भविष्य पर विश्वास है। संबंधों में आत्मीयता की प्रेरणा है दीपक बनकर सृजन की आकांक्षा है।
विख्यात व्यंग्य कवि डॉ मक्खन मुरादाबादी ने कहा कि मयंक के गीतों में यद्यपि समाज की अन्य चिंताएं भी हैं पर उनका मूल स्वर राष्ट्रीय चेतना से जन्मा राष्ट्रप्रेम है। वर्तमान में कविताएं इस धारा से कटी हुई है क्योंकि यह मुश्किल है।
वरिष्ठ कवि डॉ अजय अनुपम ने कहा कि बहती हुई धारा जैसी गति और बोलचाल के शब्दों में उमड़ते मन के भावों को गीत के रूप में पिरोने काम आसान नहीं होता, लेकिन मयंक इसमें समर्थ हैं। सामयिक घटनाओं से,जीवन के और नैसर्गिक सौंदर्य के प्रति भावनाओं की सहज अभिव्यक्ति और सामाजिक संदेश सब इन रचनाओं में उपस्थित है।
वरिष्ठ कवि आनंद कुमार गौरव ने उनके प्रस्तुत गीतों पर चर्चा करते हुए कहा कि मयंक जी से गीत काव्य को और पर्याप्त समृद्धि की बलवती सम्भावनाएँ हैं।  उन्होंने मुरादाबाद लिटरेरी
 क्लब द्वारा इस प्रकार के आयोजनों की सराहना की
मशहूर शायर डॉ कृष्ण कुमार नाज़ ने कहा कि मयंक शर्मा जी का जहां लाजवाब तरन्नुम श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर लेता है वहीं उनके गीतों के उत्कृष्ट भाव लोगों के दिलों में उतरते चले जाते हैं क्योंकि वहां कल्पना की अतिशयता नहीं है।
वरिष्ठ कवि डॉ मनोज रस्तोगी ने कहा कि मुरादाबाद के साहित्यिक पटल पर पिछले पांच-छह साल में जो नाम तेजी से उभरे हैं उनमें एक नाम है मयंक शर्मा का। उनके गीतों की स्वर लहरियां कभी तन मन में जोश भर देती हैं तो कभी करुणा का भाव भी जगा देती हैं। उनके गीत जहां भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत हैं वहीं वह सामाजिक विकृतियों, विद्रूपताओं को भी बखूबी उजागर करते हैं। वह जहां एक ओर शिकवे शिकायतें  भुलाकर सम्बन्धों के फूल खिलाने, प्रेम और विश्वास का दीप जलाने का  आह्वान करते हैं।
प्रसिद्ध कवियत्री डॉ पूनम बंसल ने कहा कि प्रिय मयंक गीतकार के रूप में उभरता हुआ नाम हैं। उनके गीत सहज सरल और सारगर्भित हैं जिसमें सामाजिक सरोकार भी है और राष्ट्र प्रेम भी कई गीत मंच पर सुनने का अवसर मिला गीत जब वो गाते है तो मानो सबको सम्मोहित कर लेते है और वो गीत हृदय को भीतर तक झंकृत करते हैं। मयंक को स्नेहिल शुभकामनाएं उनकी वाणी, स्वर कलम पर माँ शारदे की कृपा यूँ ही बनी रहे और वो अपनी रचनाधर्मिता से नगर को गौर्वान्वित करें।   
प्रसिद्ध नवगीतकार योगेंद्र वर्मा व्योम ने कहा कि मुरादाबाद के बेहद संभावनाशील युवा कवि मयंक शर्मा के गीतों को अनेक बार सुना है विभिन्न कार्यक्रमों में, अपने मीठे स्वर में जब वह अपने गीत प्रस्तुत करते हैं तो उपस्थित सारे श्रोता मंत्रमुग्ध हो उठते हैं। माँ सरस्वती जी की उन पर विशेष कृपा है।
प्रसिद्ध समीक्षक डॉ मोहम्मद आसिफ हुसैन ने कहा कि मयंक शर्मा जी के गीत पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ तो उन्हें स्वत: ही गुनगुनाने लगा। मैंने यह उनके गीतों में तासीर देखी। अच्छा लगा कि उनसे मिलने से पहले उनकी अंतरात्मा की आवाज़ सुनने का सुअवसर प्राप्त हो गया। तो यक़ीन हो गया कि वह एक आदर्शवादी व्यक्तित्व के धनी हैं। एक आदर्शवादी व्यक्ति जब मर्यादाओं का हनन होते हुए और काम,क्रोध,मद लोभ और मोह का साया हर तरफ़ मंडराते हुए देखता है तो मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम को पुकारना स्वभाविक ही प्रतीत होता है। संक्षेप में कहा जा सकता है कि आने वाले समय में एक कामयाब और सशक्त गीतकार हो कर उभरेंगे उनमें सृजनशीलता खूब भरी हुई है वह अपनी जड़ों से जुड़े हुए आसमान छूने की सलाहियत रखते हैं।
युवा शायर राहुल शर्मा ने कहा कि मयंक उस सुरीली परम्परा के गीतकार हैं जिसकी शुरुआत बच्चन जी से हुई। आदरणीय भारत भूषण जी और स्मृतिशेष किशन सरोज जी ने जिसे पुष्पित पल्लवित किया और श्री कुँवर बेचैन तथा विष्णु सक्सेना आज भी जिसका परचम लहराए हुए हैं। मयंक जाग्रत चेतना के कवि हैं। उनकी रचनाओं में जागृति और आह्वान प्रचुरता से देखने को मिलता है।
समीक्षक डॉ रबाब अंजुम ने कहा कि मयंक जी का काव्य पढ़ा। उनके गीत बहुत कुछ कह गए। अपने सुरताल के साथ मयंक जी का होली के रंगों से शुरू हुआ गीत उर्दू के अवामी शायर नज़ीर की याद दिला गया।
युवा शायर मनोज मनु ने कहा कि मयंक जी के  रचना पाठ में जो रस अनुभूति होती है उसमें लगता है कि संगीत भी साथ साथ बह रहा हो। मयंक जी की रचनाओं में  संस्कृति, स्वाभिमान, सामाजिकता, देश भक्ति ,संबंधों के प्रति यथा योग्य स्नेह व सम्मान  आदि मुख्यतया पाया जाता है। शृंगारिक रचना कर्म कर्म भी शालीनता को  प्रमुखता  से लिया गया है।
युवा शायर फ़रहत अली ख़ान ने कहा कि भक्ति है, श्रृंगार है, वीरता है, करुणा है, फ़लसफ़ा है यानी इन गीतों में कवि मयंक शर्मा जी के कई रंग देखने को मिले। दी गयी कविताओं के हवाले से वीर रस का प्रतिनिधित्व हालाँकि इन सब में से ज़्यादा है। वीर रस के अच्छे कवि ढूँढने पर भी नहीं मिलते, यानी वीर रस के ऐसे कवि जिन की कविताएँ विशेष काल-खंड की दीवारों को पार कर जाएँ और हर दौर में प्रासंगिक बनी रहें। मयंक शर्मा जी इस लिहाज़ से एक रौशन मुस्तक़बिल की उम्मीद जगाते हैं।
युवा कवि राजीव प्रखर ने कहा कि मयंक जी सर्जन करते ही नहीं अपितु उसे जीते भी हैं। मानवता को अपनाने का सार्थक व प्रेरक आह्वान, पापों से त्रस्त होकर प्रभु से प्रार्थना, शहरों के बनावटी जीवन से उपजी वेदना, विभिन्न विसंगतियों से त्रस्त धरा, स्वाभिमानी श्रमिक के हृदयोउद्गार, मनोहारी प्राकृतिक वर्णन, शत्रु पर विजय का शंखनाद, सामाजिक समरसता आदि अनेक पहलुओं को कुशलता पूर्वक छूती उनकी लेखनी इसका स्पष्ट प्रमाण है।
कवि श्रीकृष्ण शुक्ल ने कहा कि मयंक शर्मा एक उभरते हुए गीतकार हैं। सरल भाषा व संवाद शैली में छंदबद्ध किये हुए अपने गीत जब वह अपने सुमधुर स्वर में गाते हैं तब श्रोताओ को मानो सम्मोहित कर लेते हैं। उनके गीतों का जादू सुनने वाले के मन पर गहरी छाप अंकित करता है।
युवा कवियत्री मीनाक्षी ठाकुर ने कहा कि मुरादाबाद के साहित्यपटल पर उर्जावान  व अपनी सुरीली आवाज़ से मंत्रमुग्ध करते हुए युवा गीतकार व गायक के रूप में  तेजी से उभरे हैं। मैं और मेरा पूरा परिवार मयंक भाई का बहुत बड़ा प्रशंसक है।मैं तो  अक्सर उनके गीतों की पंक्तियां गुनगुनाती हूँ।
ग्रुप एडमिन और संचालक शायर ज़िया ज़मीर ने कहा कि नौजवान गीतकार मयंक शर्मा के गीतों को पढ़कर मेरा पहला ता'सुर यही है कि ये गीत ख़ामोशी से पढ़ने वाले गीत नहीं है। इनको थोड़ी सी बुलंद आवाज़ में आप पढ़ेंगे तो आपको ज़्यादा मज़ा आएगा और आप इन गीतों के अधिक क़रीब पहुंचेंगे। इन गीतों में भरपूर ऊर्जा है, जो हमारे तन और मन को ऊर्जावान तो बनाती ही है, हमारे अन्दर सकारात्मकता भी भर देती है।

:::::::::प्रस्तुति::::::

ज़िया ज़मीर
ग्रुप एडमिन
"मुरादाबाद लिटरेरी क्लब"
मुरादाबाद244001
मो० 7017612289

रविवार, 9 अगस्त 2020

मुरादाबाद के साहित्यकार स्मृतिशेष गौहर उस्मानी की पुण्यतिथि पर "मुरादाबाद लिटरेरी क्लब" की ओर से उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर दो दिवसीय आयोजन ----

वाट्स एप पर संचालित साहित्यिक समूह 'मुरादाबाद लिटरेरी क्लब' द्वारा "ज़मीं खा गयी आसमां कैसे कैसे" शीर्षक के तहत मुरादाबाद के प्रख्यात उर्दू साहित्यकार स्मृतिशेष गौहर उस्मानी की पुण्यतिथि छह अगस्त पर उन की शायरी  और शख्सियत पर  चर्चा की गई। यह ऑनलाइन साहित्यिक चर्चा दो दिन चली।

सबसे पहले ग्रुप के सदस्य डॉ मोहम्मद आसिफ हुसैन ने गौहर उस्मानी साहब का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया, जिसमें गौहर साहब के प्रारंभिक जीवन, उनकी शायरी, उनकी शख्सियत, उनके किताबों के बारे में चर्चा की, उनको जो सम्मान मिले उनके बारे में बताया और उनके कुछ मशहूर शेर पटल पर प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि  मोहम्मद अहमद उस्मान 'गौहर' उस्मानी का जन्म 29 अप्रैल 1924 को मुरादाबाद में हुआ था। उनके उस्ताद (साहित्यिक गुरु)  रशीद अहमद खान 'हिलाल' और सिराजुल हक़ 'क़मर' मुरादाबादी रहे। उनकी प्रकाशित कृतियों में ऐतिराफ़ (1984), इदराक (1993) दोनों ग़ज़ल संग्रह, तजल्लियाते-क़मर (1967)और मैराज-उल-क़ुद्दूस (1988) हैं। सन 2012 में तस्लीम अहमद ख़ान ने रुहेलखंड *विश्वविद्यालय* , बरेली से *"गौहर उस्मानी : शख़्सियत और अदबी ख़िदमात"* के शीर्षक पर पी.एचडी. की डिग्री हासिल की। उन्होंने अपना शोध-कार्य रामपुर रज़ा डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर सईदा रिज़वी के सुपर विज़न में पूरा किया। उनका इंतेका़ल 6 अगस्त 2004 को हुआ था।
चर्चा शुरू करते हुए विख्यात नवगीतकार माहेश्वर तिवारी ने कहा कि गौहर उस्मानी साहब से मेरा परिचय मुरादाबाद आने के बाद हुआ। यद्यपि कलेक्ट्रेट के मुशायरे और कवि सम्मेलन में मैं पहले भी एक दो बार आ चुका था। लेकिन आत्मीयता से जुड़ाव भरे रिश्ते की नींव मुरादाबाद आने के बाद ही पड़ी। गौहर साहब की शायरी परम्परावादी और आधुनिकता की संधि बिंदु का बेहतरीन नमूना है ।
वरिष्ठ कवि डॉ अजय अनुपम ने कहा कि आदरणीय गौहर उस्मानी साहब की ग़ज़लों के बहुत से शेर भाई मंसूर उस्मानी जी से सुनने में आये हैं, भाई ज़िया ज़मीर जी के पटल पर आज कुछ ग़ज़लें भी पढ़ी हैं। शायर या कवि वही है जो आने वाले कल की नब्ज़ पहचान ले। जीवन और मृत्यु की हक़ीक़त समझ लें। उस्ताद शायर की कलम ही सामाजिक बदलाव के असर की ओर इशारा करते हुए शायरी कर सकती है।
वरिष्ठ व्यंग्य कवि  डॉ मक्खन मुरादाबादी  ने कहा कि मुरादाबाद की अदबी परंपरा को आगे बढ़ाने वाले शांत स्वभाव के गौहर उस्मानी साहब अपनी शायरी और इंसानी दायित्व निर्वहन की दुनिया के लिए किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वही शायर बड़ा होता है जिसमें इंसानियत होती है और उसके कुछ शेर ज़ुबां पर होकर चर्चा में रहते हैं। वो इस सम्पदा के स्वामी थे।
मशहूर और मकबूल शायर  मंसूर उस्मानी ने कहा कि मैं उस अज़ीम शख्सियत पर क्या लिख सकता हूँ, जिन पर देश और दुनिया में बहुत कुछ लिखा गया है। फिर भी इतना जरूर लिखूँगा कि आज मैं जो कुछ हूँ अपने वालिद मरहूम की ही बदौलत हूँ। दुनिया जानती है कि शायरी में वो ही मेरे उस्ताद थे। उन्होंने जो मुझे सिखाया जो मुझे संस्कार दिये वो मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा सरमाया हैं। मेरे वालिद मोहतरम गौहर उस्मानी साहब ने एक नया रास्ता अपनाया, जो उनका अपना रास्ता था, जिसमें वो इतने कामयाब रहे कि साहित्यिक जगत में उनकी अलग पहचान कायम हुई।
मशहूर शायरा  डॉ मीना नकवी  ने कहा कि ये कहते हुये मुझे कोई संकोच नहीं है कि गौहर साहब का अपना जुदागाना उसलूब है। गौहर साहब की शायरी परम्परा से जुड़ी आधुनिक शायरी है। उनका हर शेर उनके समय के साथ साथ आज की कसौटी पर भी खरा सोना है। उनकी शायरी पर किसी का रंग नही है। उनकी राह अपनी है। अशआर मे सकारात्मकता है, हौसला है।
मशहूर शायर डॉ कृष्ण कुमार नाज  ने कहा कि मोहतरम गौहर उस्मानी साहब का शुमार मुरादाबाद के उस्ताद शायरों में किया जाता है। यक़ीनन वो जितने अच्छे शायर थे, उतने ही अच्छे इंसान भी थे। उनके लहजे में मिठास के साथ-साथ अपनत्व और प्यार के ख़ूबसूरत रंग स्पष्ट झलकते थे। अपने छोटों के साथ भी वह बहुत सम्मान के साथ पेश आते थे। गौहर साहब ने रिवायत का दामन भी नहीं छोड़ा और जदीदियत को भी हंसकर गले लगाया।
मशहूर शायर  डॉ मुजाहिद फ़राज ने कहा कि गौहर साहब की शायरी जिस फ़िक्री बुलन्दी पर परवाज़ कर रही थी इसका अंदाज़ा खुद उन्हें भी था। ज़िन्दगी के लिए उनका रवय्या बहुत सकारात्मक था। मुश्किल से मुश्किल हालात में भी उन्होंने सब्र का दामन हाथ से नहीं छोड़ा और न ही मायूसी को क़रीब आने दिया।
वरिष्ठ कवि डॉ मनोज रस्तोगी ने कहा कि मुरादाबाद के प्रख्यात उर्दू साहित्यकार स्मृति शेष गौहर उस्मानी जी की शायरी में जिंदगी और उसके मसायल, हालात के बदलते रुख, जालिम और मजलूम के दरमियान होने वाले मामलात, बुराई को भलाई में बदलने की कोशिशें तथा देश के प्रति पूरी पूरी वफादारी दिखाई देती है। उन्होंने इश्क और हुस्न तथा शराब और शबाब की शायरी से अलग हटकर ज़रूर लिखा परंतु ग़ज़ल की रिवायत हमेशा बरकरार रही। उसमें वही नज़ाकत और मिठास रही जो उर्दू शायरी की एक पहचान है । उन्होंने गौहर साहब से अपने परिचय का उल्लेख करते हुए तीस साल पहले उनसे लिया गया इंटरव्यू भी जो उस समय दैनिक स्वतन्त्र भारत के मुरादाबाद संस्करण में छपा था, उसे पटल पर प्रस्तुत किया।
मशहूर नवगीतकार योगेंद्र वर्मा व्योम ने कहा कि ग़ज़ल हो और मुहब्बत की बात न हो, ऐसा हो नहीं सकता। जनाब गौहर साहब की ग़ज़लों में भी मुहब्बत है। लेकिन यह मुहब्बत सिर्फ प्रेमिका के ही लिए न होकर देश के लिए और इंसानियत के लिए है। उनके कई शे'र इंसानियत की सुरक्षा के प्रति उनकी चिंता को भी प्रतिबिंबित करते हैं।
युवा कवि राजीव प्रखर ने कहा कि 'गौहर' का एक अर्थ मोती भी होता है। मुरादाबाद के साहित्यिक पटल का यह सौभाग्य है कि श्रद्धेय गौहर जी के रूप में शायरी का एक ऐसा नायाब मोती उसके खजाने का हिस्सा बना, जिसकी चमक से साहित्य जगत रौशन था।
युवा शायर फरहत अली खान ने कहा कि गौहर साहब की ग़ज़लों में रिवायती रंग के होते हुए भी अपने वक़्त के समाजी-सियासी हालात से गहरा जुड़ाव पाया जाता है। आप के दौर के दूसरे अक्सर शोअरा जब कि उस दौर के हालात की अक्कासी करने के लिए ग़ज़ल की रिवायती लफ़्ज़ियात से समझौता कर चुके थे, आप ने ये मंज़ूर न किया। यानी न रिवायात से समझौता किया, न मौजूदा हालात ही को नज़र-अन्दाज़ किया। और ये आप की बड़ी ख़ूबी रही।
समीक्षक डॉ रबाब अंजुम ने कहा कि खास बात यह है कि गौहर साहब ने आधी सदी पहले ही आज के हालात की आहट पा ली थी। जदीदियत और रिवायती शायरी का हसीन संगम उस्ताद जनाब गौहर उस्मानी का कलाम एक मुनफरिद एहमियत का हामिल है।
युवा कवियत्री हेमा तिवारी भट्ट ने कहा कि मोहतरम गौहर उस्मानी जी के साहित्यिक योगदान और उपलब्धियों का नायाब गुलदस्ता अपनी सुगंध से हमारे दिल और दिमाग़ को महका रहा है। वे निस्संदेह एक ऊँची शख्सियत थे,अपने छोटे से कद की सामर्थ्य के अनुसार अभी तक तो मैं उन्हें पूरी तरह निहार पाने की ही जद्दोजहद में लगी हूँ। उन पर कुछ लिख पाना तो दूर की बात है।
युवा कवि मयंक शर्मा ने कहा कि कलेक्ट्रेट में हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरे में स्वर्गीय गौहर साहब को सुना करते थे। तब  शायरी कुछ कम ही समझ आती थी लेकिन ग्रुप में दी गईं ग़ज़लों को पढ़कर उनके बड़े शायर होने का एहसास हुआ। लगभग सभी ग़ज़लें बेहतरीन हैं।
समीक्षक डॉ अजीमुल हसन ने कहा कि गौहर साहब अपनी शायरी में सिर्फ इश्क़ ओ मुहब्बत की बातें ही नहीं करते बल्कि उनकी शायरी  उनके अहद से आगे की शायरी है शायद आपने मुस्तक़बिल की ग़ज़ल के कदमों की आहट को महसूस कर लिया था। आपकी शायरी रिवायती शायरी और जदीदियत का एक ऐसा कॉम्बिनेशन है जो बहुत कम शोअरा की शायरी में देखने को मिलता है।
शायर अहमद मियां उस्मानी ने कहा कि मैं मुरादाबाद लिटरेरी क्लब का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि आपने मेरे वालिदे मोहतरम हज़रत गौहर उस्मानी साहब के यौमे-वफ़ात पर उनकी याद में यह कार्यक्रम किया। मेरे वालिद मोहतरम गौहर उस्मानी साहब की शख्सियत और शायरी और उनकी अदबी ख़िदमात पर रोशनी डाली और उनको ख़िराजे अकीदत पेश किया।
ग्रुप एडमिन और संयोजक शायर जिया ज़मीर ने कहा कि यह शायरी ज़िंदगी के आला अक़दार और आला मेअयार की तर्जुमान है। यह शायरी जहां वक़्त की ना-हमवारी, रिश्तो की टूट-फूट और ज़िंदगी के हर अच्छे-बुरे तजुर्बे का बयान है, वहीं यह शायरी राह दिखाने वाली शायरी भी है। वफ़ा की राहों पर बड़े इन्हिमाक से चलने और इस रविश पर फक़्र करने वाली शायरी भी है। यह शायरी जब यह कहती है -

खंडर दयारे-वफा के कुरेद कर देखो
हमारे नाम का पत्थर ज़रूर निकलेगा

इसमें जो 'ज़रूर' है, वो एतमाद ज़ाहिर करता है कि किसी भी दौर में, किसी भी वक़्त में अगर वफ़ादारी की मिसाल दी जाएगी, चाहे वो वफ़ादारी मुल्क से हो, चाहे इंसानियत से हो, चाहे आपसी रिश्तों के लिए हो, हमारा नाम ज़रूर आएगा। इस नाज़ुक दौर में, जब हर शब्द के नए अर्थ बनाए जा रहे हैं, इस शेर की अहमियत और बढ़ जाती है।

-ज़िया ज़मीर
ग्रुप एडमिन
मुरादाबाद लिटरेरी क्लब
मो०8755681225