सोमवार, 18 नवंबर 2024

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम के तत्वावधान में 10 नवंबर 2024 को आयोजित समारोह में योगेन्द्र वर्मा व्योम के गीत-संग्रह 'मौन को सुनकर कभी देखो' का लोकार्पण)

 "रामचरितमानस जैसा हो, घर आंगन का अर्थ..." जैसे संवेदनशील नवगीतों के रचनाकार योगेन्द्र वर्मा व्योम के गीत-संग्रह ‘मौन को सुनकर कभी देखो' का लोकार्पण रविवार 10 नवंबर 2024 को साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम के तत्वावधान में कंपनी बाग मुरादाबाद स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भवन के सभागार में किया गया।  

    सरस्वती वंदना से आरम्भ हुए कार्यक्रम में लोकार्पित कृति- ‘मौन को सुनकर कभी देखो' से योगेन्द्र वर्मा व्योम जी के गीत का पाठ करते हुए  डा. अर्चना गुप्ता ने सुनाया- 

"मौन को सुनकर कभी देखो, 

रूह भीतर मुस्कुराती है, 

ज़िन्दगी का गीत गाती है।"   

   संचालक राजीव प्रखर ने व्योम जी का गीत सुनाया- 

"अब संवाद नहीं करते हैं,

 मन से मन के शब्द।" 

  कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अजय अनुपम ने कहा- "व्योम जी के गीत-नवगीत आम आदमी की भावनाओं का गीतात्मक अनुवाद हैं जो रस और छंदों में ढलकर अलंकारिक भाषा में सहजता पूर्वक लोगों के होंठों पर चढ़ने में सक्षम है।" 

   मुख्य अतिथि के रूप में  बाल साहित्यकार राजीव सक्सेना ने कहा कि "कवि व्योम जी ने अपने संग्रह के नवगीतों के माध्यम से न केवल महानगरीय सभ्यता बल्कि व्यक्ति और उनके चारित्रिक दोगलेपन को उजागर करते हुए निरंतर हो रहे सामाजिक क्षरण पर भी निर्ममता पूर्वक प्रहार करते हुए मानवीय संबंधों के हरेपन को सहेजने का यत्न भी ईमानदारी से किया है।" 

  संस्था के अध्यक्ष रामदत्त द्विवेदी ने कहा कि "व्योम जी के गीत नैराश्य का रोना-धोना नहीं अपितु जीवन जीने के नुस्खे़ हैं। आपका रचना संसार सुखांत है दुखांत नहीं।" 

   विशिष्ट अतिथि के रूप में दयानन्द आर्य कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक उमाकांत गुप्त ने कहा कि "व्योम जी के नवगीतों में जहां समाज की पीड़ा का स्वर मुखरित हुआ है वहीं राजनीतिक विद्रूपताओं को भी उजागर किया गया है। अपने नवगीतों के माध्यम से वह पाठकों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हैं तो राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का बोध भी कराते हैं।" 

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार अशोक विश्नोई ने कहा कि "सहज और सरल भाषा में लिखे गये व्योम जी के नवगीत मन को छूते हैं।"‌ 

विशिष्ट अतिथि कला भारती संस्था के संजीव आकांक्षी ने कहा कि "व्योम जी के गीत जन भाषा में लिखे गये हैं, उनके नवगीत हर जनमन को प्रभावित करते हैं।" 

इस अवसर पर कृति के रचनाकार योगेन्द्र वर्मा व्योम ने गीत पाठ भी किया-

भूख मिली थी कल रस्ते में, 

बता रही थी हाल

पतली-सी रस्सी पर नट के, 

करतब दिखा रही

पीठ-पेट को ज्यों रोटी का, 

मतलब सिखा रही

हैं उसकी आँखों में लेकिन, 

ज़िन्दा कई सवाल

और

घर की फ़ाइल में रिश्तों के पन्ने बेतरतीब

सुख-दुख कैसे बँट पायें, 

जब बातचीत तक मौन

मोबाइल में बन्द हुए सब 

साँकल खोले कौन

दिखता नई सदी में घर-घर

 कैसा दृश्य अजीब

 गजलकार मनोज मनु ने कहा- ‘'मौन को सुनना अर्थात स्वयं की अंतःकरण में अपनी यात्रा का अवलोकन ही है, इस क्षणभंगुर जीवन में इस विशाल और वृहद 'मौन' को 'कभी' सुनकर देखने की रचनाकार की अपेक्षा बड़ी विलक्षण है क्योंकि यह 'कभी' जब भी अस्तित्व में आएगा, तब से इस जीवन को देखने या सुनने का नज़रिया ही बदल चुका होगा।" 

शायर ज़िया जमीर ने कहा- "मौन का संबंध हमारी आत्मा से होता है। मौन को सुन पाना हर एक के बस की बात नहीं है और जिसे यह मौन सुनाई दे जाता है वह मौन को लिख भी सकता है और दूसरों को सुना भी सकता है, यह गीत संग्रह इसके रचयिता की आत्मा के गीत हैं।"

 वरिष्ठ कवि विवेक निर्मल ने कहा कि "व्योम जी के गीतों में गीत का एक अदृश्य बीज छिपा हुआ है जिसके ऊपर एक विशाल फलक को ठंडी छांव देने की क्षमता छिपी है, उनके गीत हर पाठक और श्रोता को अपने मन के निकट लगते हैं।" 

लोकार्पित गीत-संग्रह पर आयोजित चर्चा में कवयित्री हेमा तिवारी भट्ट ने पुस्तक की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए कहा- "रिश्तों की बात, अपनेपन की बात, भूख की बात, रोजगार की बात, स्वार्थ की बात, आभासी दुनिया की बात, प्रदूषण की बात के साथ ही फागुन की भी बात व्योम जी करते रहें हैं और इस संकलन में भी हमें उनकी ये चिन्ताएँ, ये सामयिक सरोकार गीतों में पिरोए हुए मिलते हैं।" 

कवयित्री मीनाक्षी ठाकुर ने पुस्तक के बारे में कहा कि "व्योम जी सामाजिक संदर्भो व समसामयिक परिस्थितियों के प्रति सजग  रहते है। फिर चाहे वह कोरोना महामारी में काल-कवलित लोग हों या उस दौरान मज़दूरों की दुर्दशा। वह अपने गीतों में सभी विषयों पर तत्परता से लिखते हैं।" 

     डॉ. मनोज रस्तोगी ने कहा ...समाज की हर धड़कन को महसूस करने वाले व्योम जी के मन के गांव में बसी भावनाएं जब शब्दों का रूप लेकर कभी नवगीत, तो कभी ग़ज़ल और कभी दोहों के माध्यम से अभिव्यक्त होती हैं तो वह अपने पाठकों / श्रोताओं की सोच को  झकझोर देती हैं। उनके ताजा नवगीत संग्रह मौन को सुनकर कभी देखो में संग्रहित उनके नवगीत  जिंदगी के विभिन्न रूपों के गीत हैं जो हम से बतियाते हैं और हमारे साथ खिलखिलाते भी हैं। उन्हें पढ़कर हमारा अस्त व्यस्त मन कभी गुनगुनाने लगता है तो कभी चहचहाने लगता है तो कभी निराशा के ऊसर में हरापन उगने  लगता है और जिंदगी के गीत गाने लगता है। आज जब  हम तनाव पूर्ण जीवन जी रहे हैं और अपनेपन से शब्दों का बर्ताव खत्म होता जा रहा है तो उनके नवगीत जीवन जीने के ऐसे नुस्खे हैं जो अवसादों में मुस्कुराने को विवश कर देते हैं और हम हंसने–खिलखिलाने लगते हैं। 

इस अवसर पर जैमिनी साहित्य फाउंडेशन की ओर से अध्यक्ष डॉ काव्य सौरभ जैमिनी और सचिव डॉ मनोज रस्तोगी द्वारा योगेंद्र वर्मा व्योम को सम्मानित भी किया गया ।

    कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध संगीतज्ञा बालसुंदरी तिवारी, डॉ. कृष्ण कुमार नाज, जितेन्द्र कुमार जौली, सरिता लाल, डॉ. प्रदीप शर्मा, समीर तिवारी, धवल दीक्षित, शैलेष त्यागी, के पी सरल, पुष्पेन्द्र सिंह, अमर सक्सेना, अभिव्यक्ति सिन्हा, नकुल त्यागी, कमल शर्मा, डॉ काव्य सौरभ जैमिनी, प्रभात कुमार आदि उपस्थित रहे। आभार अभिव्यक्ति अन्जना वर्मा व श्रेष्ठ वर्मा ने प्रस्तुत की।  




































































मुरादाबाद मंडल के जनपद अमरोहा की साहित्यकार शशि त्यागी का गीत ....कहां गए वो लोग जो पश्चाताप किया करते थे ...

 क्लिक कीजिए 

⬇️⬇️⬇️⬇️⬇️⬇️⬇️⬇️ 



शनिवार, 16 नवंबर 2024

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति की ओर से 14 नवंबर 2024 को आयोजित काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति की ओर से 14 नवंबर 2024 को काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह  का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह  का सम्मान रुद्राक्ष की माला, योगेन्द्रपाल सिंह विश्नोई के जीवन पर आधारित अमृत महोत्सव ग्रंथ और अंग वस्त्र प्रदान कर किया गया।  

 मुख्य अतिथि के रूप में सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि काव्य मन के भाव व्यक्त करने के साथ ही व्यक्ति को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है। कविता में राष्ट्र प्रेम, सामाजिक एकता को जागृत करने की अद्भुत क्षमता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में कवियों ने समाज जागरण किया। साहित्य का पत्रकारिता में भी अमूल्य योगदान है, लेकिन आज हिंदी पत्रकारिता में भाषा की शुद्धता का संकट गहराता जा रहा है। पत्रकारिता में विश्वसनीयता की पूंजी को भी संजोकर रखना है।

 अध्यक्षता करते हुए डॉ महेश दिवाकर ने कहा ...

उठो कमर कसकर उठो लो हाथों तलवार! 

सत्य अहिंसा से सखा किसे मिले अधिकार।।

विशिष्ट अतिथि ओंकार सिंह ओंकार ने इस प्रकार अपनी अभिव्यक्ति दी 

समय मिले तो खेलो खेल, 

खेल खेल में कर लो मेल। 

खेल चुको तो पढ़ो किताब, 

ऊंचे ऊंचे देखो ख्वाब । 

संचालन करते हुए अशोक विद्रोही ने राष्ट्र प्रेम के भाव इस प्रकार व्यक्त किये...

हिंद का अब नया युग  शुरू हो गया

 विश्व में फिर से भारत गुरु हो गया ,

 देश को आज केसरिया रंग भा गाया।

 कैसा सुंदर सा ये आवरण आ गया। 

 राम सिंह निशंक ने पढा़- 

सूरज से अठखेलियां करता आया शीत

 दुबक रजाई में गए लोग हुए भयभीत। 

राजीव प्रखर ने पढा़ -

मिटना अब भी शेष है, अन्तस से ॲंधियार।

जाते-जाते कह गया, दीपों का त्योहार।।

 रघुराज सिंह निश्चल ने पढ़ा.... 

नभ से तोड़ सितारे लाओ

 खुशियों में डुबकियां लगाओ 

बस यह कुछ नुस्खे अपनाओ

 फोकट में चर्चा में आओ"

 राकेश चक्र ने पढ़ा-

फांसी के फंदे जो झूले उनका  हिंदुस्तान कहां है? 

टुकड़े करने वाले बोलो, भारत का अरमान कहां है? 

रामदत्त द्विवेदी ने कहा- 

क्यों बच्चे खूंखार हो गए? 

क्यों समाज पर भार हो गए? 

इंदू रानी ने पढ़ा 

वह भी तो हमसे रिश्ता निभाता कभी। 

हो अगर कुछ कमी तो बताता कभी ।।

काव्यगोष्ठी में महीका परमार , तुलसीराम डॉक्टर ओम प्रकाश कुंदन लाल  ,डा़ अक्षेन्द्र सारस्वत, मुस्कान, एवं अन्य कवियों ने भी काव्य पाठ किया। राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति के संरक्षक योगेंद्र पाल विश्नोई एवं राम सिंह निशंक ने आभार अभिव्यक्त किया। 





























:::::प्रस्तुति:::::

अशोक विद्रोही 

उपाध्यक्ष

राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति 

मुरादाबाद 244001

उत्तर प्रदेश, भारत

रविवार, 3 नवंबर 2024

मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ मक्खन मुरादाबादी की पंद्रह ग़ज़लें......

 


1.

बाढ़!नदी की जब भी बदले बहती धारा

तहसीलों में    हो जाता है   वारा - न्यारा 


सुनवाई पर  लग जाते हैं   खास मुकदमे 

आम आदमी   फिरता रहता  मारा-मारा


लोकतंत्र की उनको चिंता  सबसे ज़्यादा 

कर घोटाले    मान जिन्होंने   पाया सारा


धूल फाइलें     रहीं चाटती   दफ्तर में ही 

नेग नहीं जब तक  हमने   बाबू  पर वारा 


खपा ज़िन्दगी एक  मुकदमे में ही अपनी 

जीत गया वह अपना सबकुछ हारा-हारा


लगना तो था  सीमेंट मगर मिलीभगत से 

लगा पड़ा है   मिल रेते में  खालिस  गारा


2.

तेल निकल आया  घानी में,पता  चलेगा  चार  जून को

कौन  रहा  कितने  पानी में,पता  चलेगा  चार  जून को

 

हाथ  लगा  कुछ  या  सूने  ही  रस्ते  नापे  गाल  बजाते 

हासिल क्या कड़वी बानी में,पता चलेगा  चार  जून को

 

सबने अपना  ज्ञान बघारा जितना  था उससे भी ज़्यादा  

अंतर  ज्ञानी-अज्ञानी  में,पता   चलेगा   चार   जून  को

 

अपनी-अपनी  हाँक रहे सब  किसकी पार  लगेगी नैया 

किसकी  भैंस  गई  पानी में,पता  चलेगा  चार  जून को

 

लड्डू खाकर उछलोगे या,सोचोगे तुम पिछड गए क्यों 

इस सत्ता की अगवानी  में,पता चलेगा  चार  जून  को

 

गोढ़ रखी थीं हर दिन गाली शब्दकोश के बाहर की सब

क्या निकला खींचातानी  में,पता  चलेगा  चार जून  को


मजबूरी  में  हाथ   मिले थे  या स्वाभाविक थे गठबंधन 

हारे   किसकी  निगरानी में,पता  चलेगा  चार  जून  को

 

इनके   दावे   उनके   दावे    झूठे   सच्चे   कैसे   भी  हैं 

दम निकला किसकी नानी में,पता  चलेगा चार जून को


जाने  कैसे   क्या कर बैठे  और कहाँ पर   गच्चा खाया 

समझदार   ने   नादानी    में,पता चलेगा  चार जून  को

3.

दिनभर  हाथ  राम  के जोड़े 

और  रात को   कूमल  फोड़े


वैद्य  दवा  तब  लेकर  आए   

रिसन लगे जब सबके फोड़े 


निकल गए सब  छापों में ही 

बिना   कमाए  जितने  जोड़े 


वोट  बढ़ाने   की कोशिश में  

बैठे  हार   अक्ल   के   घोड़े 


गाली  पर   गाली  दे   गाली  

कीर्तिमान  सदियों  के  तोड़े 


जूँ  ना  रेंगी  किसी कान पर  

रेवड़ियों    ने     रस्ते    गोड़े


मिलीभगत  की  लूट-पाट ने 

कूप  सभी  खाली  कर छोड़े


आजादी    में   ठाठ    हमारे 

पुरखों   ने   खाए   थे   कोड़े


जो भी   आए   पार   उतरने 

पाप  किए  हैं   ज्यादा  थोड़े 

4.

वादे    आए     भर-भर   बोरी 

पूर्ण हुए  कुछ  कुछ  की  चोरी 


है  वेतन  अब   लाखों  में, पर

नहीं      छूटती      रिश्वतखोरी 

 

चिज्जी  देती    माँ   बच्चों  को 

छुपा-छुपाकर         चोरी-चोरी 


चक्कर काट    अदालत के भी 

नहीं     मानते        छोरा-छोरी


ब्लैक कलर का  लड़का भी तो 

दुल्हन    चाहे     चिट्टी     गोरी 


पास   निरंतर    हो   जाता   है 

कॉपी  रखकर    आता   कोरी 


बाँस   बाँसुरी   तब   बनता  है 

करनी    पड़ती    उसमें   सोरी


सुनते    ही   बच्चे    सो   जाते  

ऐसी   औषधि   माँ  की   लोरी 


पूरे   घर   की    देखभाल   को   

खुली   छोड़ते   घर   में    मोरी 


5.

इधर-उधर संकट ही संकट कहने को है बात जरासी 

प्यास बुझाई जिसने सबकी है वर्षों से खुद वह प्यासी  


जग भर का साहित्य व्यस्त है एक कहानी की चर्चा में 

पढ़ कर देखो उपन्यास है कहने को है सिर्फ कथा सी   


गौरव मिलना बहुत जरूरी उस नट को भी कलाकार सा

खेल खिलाती जिसकी मुनिया लगती सबको पूर्ण कला सी 


अब तो बेटी बदल रही है किस्मत अपने घर वालों की 

बेटा घर में ना होने पर पसरी क्यों फिर आज उदासी 


सबके घर में बच जाता है ज्यादा या फिर थोड़ा खाना 

फिर भी अपने इर्द-गिर्द ही रहती क्यों है भूख बला सी


अरमानों की फूँके होली मन मारे सब खड़े हुए हैं 

भीड़ देखिए सबके सब ये बनने आए हैं चपरासी 


चन्दा पर तो प्लाट कटेंगे होगी खेती-बाड़ी शायद   

कौन चाँदनी बिखरायेगा सोच रही है पूरनमासी


6.

किस  दुनिया  में  पहुँची  माँ ।

प्यारी  -  प्यारी       मेरी  माँ  ।।

पड़ी   दूध   में   रहती     थी,

सदा    बताशे        जैसी माँ  ।।

उपवन  सब   बेकार     लगे,

जब  फूलों सी  खिलती  माँ  ।।

मेरी    भूल     दिखावे   को,

बादल  जैसी   तड़की    माँ  ।।

लगी  सदा  थी  खिचड़ी  में,

देसी   घी  के    जैसी    माँ   ।।

मैंने  भी   कविता  लिक्खी,

लिखवाने  वाली  भी    माँ    ।।


  7.     

 हँसते   रहिए , हँसते   रहिए 

और  दिलों  में  बसते  रहिए।


इस दुनिया को हँसी बाँटकर 

ख़ुश रखने को  जगते रहिए।


बतरस में जिसने विष घोला 

उस विषधर  को डसते रहिए।


दुख  बोता  है  जो जीवन में 

उससे   थोड़ा   बचते   रहिए।


जग  फुव्वारा  एक  हँसी का

इसमें खुद भी  खिलते रहिए।


सौ  मर्जों  की   एक  दवा है 

मार   ठहाके   हँसते   रहिए।


हँसी   चीरती   सन्नाटों   को 

इसकी  कसरत करते रहिए।


8.

तालमेल यदि है तो घर की गाड़ी आप धिकलती है 

गलियारे  गाने  लगते  हैं  जब  बारात  निकलती  है 


साँझ-सवेरे अपने हों तो दिन भी अपना ही समझो 

वरना पैरों के नीचे से मंज़िल रोज़ फिसलती है


धाराशाई तब हो जाते हैं पहलवान नौसिखियों से 

जब दंगल में उनसे उनकी ही तकदीर विचलती है   


मतदाता को झोंक दिया है जात औरआरक्षण में 

वोट विभाजन की चतुराई नेताओं को फलती है 


बोझ लाद कर के फ्यूचर का भेज दिया था कोचिंग को 

खबर आत्महत्या की आई जाने किसकी ग़लती है 


राजनीत के दल सारे ही दुबले निर्धन के मारे 

किन्तु ग़रीबी जम बैठी है घर से नहीं निकलती है 


9.

इधर-उधर जो करना था वह कर बैठा है 

अब भीतर-भीतर उसका ही  डर बैठा है 


आखिरकार नहीं सुधरा उद्दंडी बालक 

विद्यालय से नाम कटा अब घर बैठा है


खेती जिसको दी बोने को,रखवाली को

जाने किस हिकमत से उसको चर बैठा है 


आना-जाना नहीं छूटता उसके घर का 

कहता रहता है वह उस पर मर बैठा है 


नहीं मयस्सर थी जिसको सूखी रोटी भी 

उसको देखो देसी घी में तर बैठा है 


पीते-पीते खेत बचा था दो बीघा बस 

आखिर आज उसे भी गिरवी धर बैठा है 


राजनीति नाली में रोज़ गिरेगी अक्सर 

हर नेता में भाव दुश्मनी गर बैठा है 

10.

उनके घर तो रिमझिम-रिमझिम कहकर ग़ज़ल गए 

मेरे घर तक आते-आते बादल बदल गए।।


नानी के घर जाने को जैसे ही मना किया 

एका करके गोल बनाकर बच्चे मचल गए।।


पहले अपनी जेब भरी पटवारी जी ने फिर 

मेरे हक़ का ही मुझको दिलवाने दखल गए।।


उनका नाम करेगा उनका मेधावी बेटा 

सारे घर वाले मिलकर करवाने नकल गए।।


बोई तो थी रामसरन ने ज्ञात सभी को था 

पर,ले अमला मुखिया जी कटवाने फसल गए।।


जो सरकारी मदद दिलाने आए विपदा में 

अपनी-अपनी सेवा करवा सारे डबल गए।


आम इलेक्शन सिर्फ अदावत अब तो आपस की 

गाली खाकर गंगा न्हाने मुद्दे असल गए।

11.

जिसने मन से राम उचारे

पहुँच गए वह उसके द्वारे


भवसागर से पार लगाते

दो छोरों के राम किनारे


छोड़ जिदों को एक रहेंगे

समझें जो हम राम इशारे


इसके उसके राम सभी के

राम हमारे......राम तुम्हारे


राम भला ही करते सबका

हर बिगड़ी के...राम सहारे


राम काज में लड़ना कैसा

सबमें उनका नाम बसा रे


बीत रही जो, बीती जो या

हर लीला के...वही सितारे


उनकी निन्दा करने वाले

खुद को अब मत और गिरा रे


रावण ने भी....उनको माना

तब जाकर वह कहीं तिरा रे


हर उसने ही.....राम पुकारा

विपदा में...जो कहीं घिरा रे


पुण्य हमारे...तब ही फलते

जब हमने हों....पाप निथारे


भूत चढ़ा हो जब मिटने का

उसको कैसे.....कौन उतारे

     

12.

अद्भुत सुन्दर सबसे न्यारे

अचरज लगते राम हमारे


ग़ैर नहीं हो अपने ही हो

तुम भी ठहरे राम-दुलारे 


उनके दर्शन करले वाला

और निहारे और निहारे


घर से उनके विस्थापन ने 

रामचरित ही खूब निखारे 


चमत्कार कर सकते थे वह 

टिके रहे जो न्याय सहारे


उल्टे लटके उत्तर पाकर

राम विरोधी प्रश्न तुम्हारे 


सहनशील मर्यादा जीती 

गूँज उठे पुरुषोत्तम नारे 


घोर विरोधी मन्दिर जाकर

माँग रहे अब गद्दी सारे


13.

डूबा सूरज कल निकलेगा 

अँधियारे का हल निकलेगा


ज्ञान तनिक सा मिल तो जाए

खोटा सिक्का चल निकलेगा


बर्फ़ जमा है जितनी जग में

उसका होकर जल निकलेगा


स्वर्ण हिरण के पीछे-पीछे

दौड़ोगे तो छल निकलेगा


प्यास अगर है मन में सच्ची

कदम-कदम पर नल निकलेगा


दुख को भी मेहमान समझना

छक जाने पर टल निकलेगा


ठहरे ग़म को छाँट दिखाओ 

खुशियों वाला पल निकलेगा


रोप दिए को पानी तो दो

पौधा-पौधा फल निकलेगा


14.  

बात सुना!कुछ ताजा कर

दे दस्तक, मत भाजा कर 


ग़म भी साझा कर लेंगे 

इधर कभी तो आजा कर।


मुँह का स्वाद बदल देगी 

चटनी से भी खाजा कर ।


सतत सनातन गाने को

जा बढ़िया सा बाजा कर।


ओछों को गरियाने दे

सुन!उनको भी राजा कर।


सहना अपनी आदत है 

तू इतना मत गाजा कर।           

15.

अगर भलाई कल की सोचें।

सबसे पहले जल की सोचें।।


उलझे रहते हो झगड़ों में 

आओ इनके हल की सोचें।।


अपनी प्यास भूलकर दो पल

औरों के घर नल की सोचें।।


विफल रहे हैं अबतक हम तुम।

अब तो अच्छे फल की सोचें।।


बातचीत से काम बनें सब

कभी नहीं हम बल की सोचें।।


करें परस्पर घुल मिल बातें

नहीं किसी से छल की सोचें।।


मक्खन जी दे रहे परीक्षा

सभी परीक्षाफल की सोचें।।


✍️ डॉ. मक्खन मुरादाबादी

 झ-28, नवीन नगर

 काँठ रोड, मुरादाबाद

बातचीत:9319086769