गुरुवार, 9 फ़रवरी 2023

मुरादाबाद मंडल के जनपद रामपुर स्थित राजकली देवी शैक्षिक पुस्तकालय, पीपल टोला में बुधवार 8 फरवरी 2023 को टैगोर पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

मुरादाबाद मंडल के जनपद रामपुर स्थित राजकली देवी शैक्षिक पुस्तकालय (टैगोर स्कूल) पीपल टोला में बुधवार 8 फरवरी 2023 को टैगोर पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में रामपुर के साहित्यकारों की पुस्तकें  तथा प्राचीन दुर्लभ समाचार पत्र अवलोकनार्थ रखे  गए थे।

      प्रदर्शनी का उद् घाटन मुरादाबाद से पधारे साहित्यिक मुरादाबाद शोधालय के संस्थापक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मनोज रस्तोगी ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में 1952 तथा 1955 के साप्ताहिक पत्रों की मूल प्रतियों को देखकर कहा कि प्राचीन समाचार पत्रों को देखकर हमें अपने अतीत के इतिहास की जानकारी मिलती है। उन्होंने जनपद के दुर्लभ साहित्य संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए साहित्यकारों से आगे आने का आह्वान किया।

       प्रबंधक रवि प्रकाश ने प्रदर्शनी में रखी गई विभिन्न पुस्तकों, साप्ताहिक अखबारों तथा महापुरुषों के पत्रों के बारे में विस्तार से बताया । प्रदर्शनी में रामपुर से प्रकाशित सर्वप्रथम हिंदी साप्ताहिक ज्योति के 26 जून 1952 के प्रथम पृष्ठ की मूल प्रति तथा श्री रघुवीर शरण दिवाकर राही के साप्ताहिक पत्र प्रदीप के 26 जनवरी 1955 के प्रवेशांक के संपादकीय पृष्ठ की मूल प्रति भी थी।

       इसके अतिरिक्त बृजराज शरण गुप्त की पुस्तक कैलास मानसरोवर यात्रा , भगवान सवरूप सक्सेना मुसाफिर की पुस्तक नर्तकी, प्रो ईश्वर शरण सिंघल का उपन्यास जीवन के मोड़ तथा डॉ मनमोहन शुक्ल व्यथित के काव्य संकलन भी इस संग्रह में रखे गए थे। ओमकार शरण ओम के काव्य संग्रह धड़कन , संत कवि रविदेव रामायणी की पुस्तक श्रीराम रसमंजरी  भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।

             प्रदर्शनी में मुख्य रूप से वरिष्ठ कवि शिवकुमार चंदन, ओंकार सिंह विवेक, अनमोल रागिनी चुनमुन, नवीन पांडेय तथा सहकारी युग हिंदी साप्ताहिक की पूर्व संपादक नीलम गुप्ता की उपस्थित रही। 



































मंगलवार, 7 फ़रवरी 2023

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था 'अक्षरा' की ओर से चार फरवरी 2023 को आयोजित भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम 'वसंत-राग एवं सम्मान समारोह' में बरेली के संगीतकार अवधेश गोस्वामी, रीता शर्मा एवं डॉ हितु मिश्रा को किया गया सम्मानित

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था 'अक्षरा' की ओर से नवगीतकार माहेश्वर तिवारी जी के नवीन नगर स्थित आवास पर शनिवार 4 फरवरी 2023 को भारतीय शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम 'वसंत-राग एवं सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया जिसमें बरेली निवासी शास्त्रीय संगीतकार अवधेश गोस्वामी, रीता शर्मा एवं डॉ हितु मिश्रा को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मानपत्र, अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न तथा सम्मान राशि भेंटकर "संत संगीतज्ञ कीर्तिशेष पुरुषोत्तम व्यास स्मृति सम्मान" से सम्मानित किया गया। 

     सुप्रसिद्ध संगीतज्ञा बाल सुंदरी तिवारी एवं उनकी शिष्याओं लिपिका सक्सेना, संस्कृति राजपूत, सिमरन मदान व राधिका गुप्ता द्वारा संगीतमयी प्रस्तुत सरस्वती वंदना से आरम्भ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना रुकमणी खन्ना ने की, मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतज्ञ ब्रज गोपाल व्यास तथा विशिष्ट अतिथि दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक उमाकांत गुप्त रहे। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी प्रदीप शर्मा एवं नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम ने किया।

         इस अवसर पर सर्वप्रथम बाल सुंदरी तिवारी द्वारा महाकवि निराला के अमर वसंत गीत- "सखि वसंत आया..." की संगीतमय प्रस्तुति की गयी तत्पश्चात अतिथि संगीतकारों की प्रस्तुतियां हुईं।

     बरेली के वरिष्ठ संगीतज्ञ अवधेश गोस्वामी ने राग- सोनी में भजन और राग- पटदीप में ठुमरी के साथ साथ राग-पीलू में "तुम राधा मैं कृष्ण..." की कर्णप्रिय संगीतमय प्रस्तुति दी। अतिथि संगीतज्ञ डॉ हितु मिश्रा ने राग-वसंत में छोटा खयाल -"...सरस रंग खिले" और होरी- "ब्रज में धूम मची..." की प्रस्तुति के साथ साथ 18 रागों की रागमाला प्रस्तुत की। बरेली की ही वरिष्ठ संगीतज्ञा रीता शर्मा ने विभिन्न रागों में भजन और गीतों -"ऐ री सखी री मोरे पिया घर आये..." की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ संगीतज्ञ बृज गोपाल व्यास, रागिनी कौशिक और राजीव व्यास ने भी प्रस्तुति दी। बरेली से पधारे प्रशांत उपाध्याय ने तबले पर, चाँद खां ने हारमोनियम पर और स्थानीय राधेश्याम ने तबले पर शानदार संगत दी।" 

            इस अवसर पर संगीतकार विनय निगम, साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा व्योम, डॉ चंद्रभान यादव, डॉ मनोज रस्तोगी, राजीव प्रखर, मनोज मनु, डॉ माधुरी सिंह, उमाकांत गुप्त, संजीव आकांक्षी, गीता शर्मा, संतोष रानी गुप्ता, आशा तिवारी, समीर तिवारी, भाषा, अक्षरा, शशि प्रभा आदि उपस्थित रहे। आभार अभिव्यक्ति माहेश्वर तिवारी ने प्रस्तुत की।


















































:::::::प्रस्तुति:::::::::

योगेन्द्र वर्मा 'व्योम'

संयोजक

साहित्यिक संस्था 'अक्षरा'

मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश, भारत

मोबाइल- 9412805981

रविवार, 5 फ़रवरी 2023

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम ने 5 फरवरी 2023 को आयोजित की काव्य-गोष्ठी

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम की मासिक काव्य गोष्ठी पांच फरवरी 2023 को मिलन विहार स्थित आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज में हुई। 

राजीव प्रखर द्वारा प्रस्तुत माॅं सरस्वती की वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि ओंकार सिंह ओंकार ने कहा ....

सबके सुख की करे कामना,

कितनी प्यारी होती माॅं। 

खुद कम खाकर हमें खिलाती, 

सबसे न्यारी होती माॅं। 

   मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवयित्री डॉ. पूनम बंसल ने अपने मनोभावों को मुक्तक में उकेरा - 

 आस की सांझ में स्वप्न पलने लगे, 

 प्रीत की याद के रंग मलने लगे।

 हार ही जीत की जब सहेली बनी, 

 हौंसले देखिए साथ चलने लगे। 

    विशिष्ट अतिथि के रूप में रामेश्वर वशिष्ठ ने कहा - 

तुम निराशा दो मुझे विश्वास लेकर क्या करूंगा। 

जब दीप ही मेरा नहीं, प्रकाश लेकर क्या करूंगा। 

    वरिष्ठ साहित्यकार रामदत्त द्विवेदी की अभिव्यक्ति थी - 

घर में दीवार बना ली नहीं, यह ठीक किया। 

अपनी पहचान छुपा ली नहीं, यह ठीक किया। 

      श्रीकृष्ण शुक्ल ने हास्य-व्यंग्य की फुहार छोड़ी -

 अश्रु आँखों में छिपाना सीख लो I 

 तुम अकारण मुस्कुराना सीख लो II 

 रूठने से बात बिगड़ी है सदा, 

 आप रूठे को मनाना सीख लो ।।

     डॉ. मनोज रस्तोगी ने व्यंग्य का रंग बिखेरा - 

बीत गए कितने ही वर्ष ,

हाथों में लिए डिग्रियां

कितनी ही बार जलीं 

आशाओं की अर्थियां

आवेदन पत्र अब लगते 

तेज कटारों से। 

      राजीव प्रखर की अभिव्यक्ति थी -  

हो इसकी उन्नति में मित्रो, जन-जन का अवदान। 

चलो बनाएं सपनों जैसा, प्यारा हिन्दुस्तान। 

 कार्यक्रम का संचालन करते हुए जितेन्द्र जौली ने व्यंग्य के तीर छोड़े - 

 महज दिखावा लग रही, हमें आयकर छूट। 

 सात लाख तक छूट है, उससे ऊपर लूट।। 

नकुल त्यागी ने कहा - 

दरअसल मेरे पति ही पगले हैं 

एक बार दस के नोटों के पैकेट में

दस  के एक सौ एक नोट निकले हैं। 

 अंत में ओंकार सिंह ओंकार जी की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संस्था अध्यक्ष रामदत्त द्विवेदी द्वारा आभार-अभिव्यक्त किया गया ।














शनिवार, 4 फ़रवरी 2023

मुरादाबाद के साहित्यकार नृपेंद्र शर्मा सागर की कविता .... गौरैया


आजा प्यारी गौरैया हम तुझको नहीं सतायेंगे।

दाने डाल टोकरी में अब तुझको नहीं फँसायेंगे।

छत पर दाना पानी रखकर हम पीछे हो जाएंगे।

छोटे छोटे घर भी तेरे फिर से नए बनाएंगे।

आजा प्यारी गौरैया अब तुझको नहीं सतायेंगे।।


हुई ख़ता क्या नन्हीं चिड़िया जो तू हमसे रूठ गयी।

या तू जाकर दूर देश में अपना रस्ता भूल गयी।

एक बार तू लौट तो आ हम सच्ची प्रीत निभाएंगे।

दूर से तुझको देख देखकर अब हम खुश हो जाएंगे।

आजा प्यारी गौरैया हम तुझको नहीं सतायेंगे।।


चीं चीं करती छोटी चिड़िया याद बहुत तू आती है।

जब कोई तस्वीर किताबों में तेरी दिख जाती है।

एक बार तू वापस आ हम फिर से रंग जमाएंगे।

सुंदर सी तस्वीर तेरी हम फिर से नई बनाएंगे।

आजा प्यारी गौरैया हम तुझको नहीं सतायेंगे।।


✍️ नृपेंद्र शर्मा "सागर"

ठाकुरद्वारा

उत्तर प्रदेश, भारत

मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ पुनीत कुमार की व्यंग्य कविता ....मैं केवल देखता हूं



कोई क्रिया,प्रतिक्रिया नही

केवल देखता हूं

जी हां, मैं केवल देखता हूं


घोटालों के पहाड़ को

भ्रष्टाचार के ताल को

प्रदूषण के दानव को

मिलावट के जाल को

केवल देखता हूं

जी हां, मैं केवल देखता हूं


चढ़ती हुई महंगाई को

भुखमरी को, बेकारी को

शिक्षा के अभाव को

बढ़ती बेरोजगारी को

केवल देखता हूं

जी हां, मैं केवल देखता हूं


हिंसा को,अराजकता को

धार्मिक उन्माद को

चरित्र के पतन को

आतंक को,उग्रवाद को

केवल देखता हूं

जी हां, मैं केवल देखता हूं


गीता का ज्ञान

मेरे भीतर समाया है

भगवान श्रीकृष्ण ने

अर्जुन को समझाया है

कोई भी घटना हो

साक्षी भाव में रहना है

भावुकता में

बिल्कुल नही बहना है

मैं इसी सिद्धांत को

अपना माथा टेकता हूं

और हर घटना को

केवल देखता हूं

जी हां, मैं केवल देखता हूं


✍️डॉ पुनीत कुमार

T 2/505 आकाश रेजीडेंसी

मुरादाबाद 244001

M 9837189600

मुरादाबाद के साहित्यकार अशोक विश्नोई की कविता .....चित्र


एक नागरिक ने

जनता की निगाहों

को तोल-

मंच पर चढ़कर बोला -

मेरे हाथ में क्या है ?

जो बतलायेगा

हम , उसे हिंदुस्तान

की सैर करायेगा -

तभी,

जनता के बीच से

आवाज़ आई --

तुम्हारे हाथ में 

क्या है भाई--

नज़र नहीं आ रहा है

मेरे पास चश्मा नहीं है

दूसरा बोला,

तुम्हारे हाथ में फ़ोटो है

जिसका चेहरा लालू

से मिलता है--

कई बच्चों का बाप होने पर

कमल सा खिलता है--

मुझे,

तो दूर से टोपी ही

नजऱ आ रही है-

वी.पी.सिंह की याद

आ रही है-

नागरिक ने कहा

नहीं भाई नहीं,

तुम्हारे सभी उत्तर गलत 

हो गये,

तुम्हारे सभी अंदाज़

फेल हो गये-

यह चित्र,

किसी नेता या

राजनेता का नहीं

आम आदमी का चित्र है--

जिसका चेहरा

खिला हुआ नहीं

भूख से त्रस्त है--

सर पर टोपी नहीं

बल्कि,

अपनी जिंदगी के बोझ 

को ढोता, दर्द को सहता-

तिल - तिल कर मरता-

आज का इंसान है।

इसकी टांगे महंगाई ने

कमजोर कर दी हैं-

यह खड़ा होने में

असमर्थ है --

यह बड़ा ही विचित्र है--

सच्चाई के करीब,

आम आदमी का चित्र है ।।


✍️अशोक विश्नोई

मुरादाबाद