मंगलवार, 7 फ़रवरी 2023

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था 'अक्षरा' की ओर से चार फरवरी 2023 को आयोजित भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम 'वसंत-राग एवं सम्मान समारोह' में बरेली के संगीतकार अवधेश गोस्वामी, रीता शर्मा एवं डॉ हितु मिश्रा को किया गया सम्मानित

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था 'अक्षरा' की ओर से नवगीतकार माहेश्वर तिवारी जी के नवीन नगर स्थित आवास पर शनिवार 4 फरवरी 2023 को भारतीय शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम 'वसंत-राग एवं सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया जिसमें बरेली निवासी शास्त्रीय संगीतकार अवधेश गोस्वामी, रीता शर्मा एवं डॉ हितु मिश्रा को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मानपत्र, अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न तथा सम्मान राशि भेंटकर "संत संगीतज्ञ कीर्तिशेष पुरुषोत्तम व्यास स्मृति सम्मान" से सम्मानित किया गया। 

     सुप्रसिद्ध संगीतज्ञा बाल सुंदरी तिवारी एवं उनकी शिष्याओं लिपिका सक्सेना, संस्कृति राजपूत, सिमरन मदान व राधिका गुप्ता द्वारा संगीतमयी प्रस्तुत सरस्वती वंदना से आरम्भ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना रुकमणी खन्ना ने की, मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतज्ञ ब्रज गोपाल व्यास तथा विशिष्ट अतिथि दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक उमाकांत गुप्त रहे। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी प्रदीप शर्मा एवं नवगीतकार योगेन्द्र वर्मा व्योम ने किया।

         इस अवसर पर सर्वप्रथम बाल सुंदरी तिवारी द्वारा महाकवि निराला के अमर वसंत गीत- "सखि वसंत आया..." की संगीतमय प्रस्तुति की गयी तत्पश्चात अतिथि संगीतकारों की प्रस्तुतियां हुईं।

     बरेली के वरिष्ठ संगीतज्ञ अवधेश गोस्वामी ने राग- सोनी में भजन और राग- पटदीप में ठुमरी के साथ साथ राग-पीलू में "तुम राधा मैं कृष्ण..." की कर्णप्रिय संगीतमय प्रस्तुति दी। अतिथि संगीतज्ञ डॉ हितु मिश्रा ने राग-वसंत में छोटा खयाल -"...सरस रंग खिले" और होरी- "ब्रज में धूम मची..." की प्रस्तुति के साथ साथ 18 रागों की रागमाला प्रस्तुत की। बरेली की ही वरिष्ठ संगीतज्ञा रीता शर्मा ने विभिन्न रागों में भजन और गीतों -"ऐ री सखी री मोरे पिया घर आये..." की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ संगीतज्ञ बृज गोपाल व्यास, रागिनी कौशिक और राजीव व्यास ने भी प्रस्तुति दी। बरेली से पधारे प्रशांत उपाध्याय ने तबले पर, चाँद खां ने हारमोनियम पर और स्थानीय राधेश्याम ने तबले पर शानदार संगत दी।" 

            इस अवसर पर संगीतकार विनय निगम, साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा व्योम, डॉ चंद्रभान यादव, डॉ मनोज रस्तोगी, राजीव प्रखर, मनोज मनु, डॉ माधुरी सिंह, उमाकांत गुप्त, संजीव आकांक्षी, गीता शर्मा, संतोष रानी गुप्ता, आशा तिवारी, समीर तिवारी, भाषा, अक्षरा, शशि प्रभा आदि उपस्थित रहे। आभार अभिव्यक्ति माहेश्वर तिवारी ने प्रस्तुत की।


















































:::::::प्रस्तुति:::::::::

योगेन्द्र वर्मा 'व्योम'

संयोजक

साहित्यिक संस्था 'अक्षरा'

मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश, भारत

मोबाइल- 9412805981

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें