सोमवार, 16 सितंबर 2024

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम ने हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर 13 सितंबर 2024 को आयोजित समारोह में कवि राम सिंह नि:शंक को हिन्दी साहित्य गौरव सम्मान से किया सम्मानित

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम की ओर से शुक्रवार 13 सितंबर 2024 को महानगर के वरिष्ठ रचनाकार राम सिंह नि:शंक को हिन्दी साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर समारोह का आयोजन मिलन विहार स्थित आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज में हुआ। अंकित गुप्ता अंक द्वारा प्रस्तुत माॅं सरस्वती की वंदना से आरम्भ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता रामदत्त द्विवेदी ने की। मुख्य अतिथि डॉ महेश दिवाकर एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में ओंकार सिंह ओंकार एवं  राकेश चक्र मंचासीन हुए। कार्यक्रम का संचालन राजीव प्रखर ने किया। 

       सम्मान स्वरूप राम सिंह नि:शंक को अंगवस्त्र, मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न अर्पित किए गए। श्री नि:शंक के व्यक्तित्व कृतित्व पर आधारित आलेख का वाचन राजीव प्रखर तथा अर्पित मान-पत्र का वाचन योगेन्द्र वर्मा व्योम ने किया। राम सिंह नि:शंक की साहित्यिक यात्रा पर अपने विचार रखते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डॉ महेश दिवाकर ने कहा -"एक सक्षम व समर्थ रचनाकार के रूप में  राम सिंह नि:शंक का रचनाकर्म सभी के सम्मुख न केवल एक उत्कृष्ट उदाहरण है, अपितु आने रचनाकारों की नयी पीढ़ी को भी निरंतर प्रेरित करेगा।" 

    कार्यक्रम के अगले चरण में काव्य-संध्या का आयोजन भी किया गया जिसमें काव्य-पाठ करते हुए सम्मानित रचनाकार  राम सिंह नि:शंक ने कहा -

हिन्दी अपना प्राण है, हृदय हिन्दी स्थान। 

हिन्दी मुझको माॅं लगे करता हूॅं सम्मान।। 

अपनी भाषा माॅं होती है, हमको है पुचकती। 

ऑंचल में अपने सम्भालकर, हमको बहुत दुलारती

     इसके अतिरिक्त महानगर के अन्य रचनाकारों जितेन्द्र कुमार जौली, अंकित गुप्ता अंक, वीरेन्द्र सिंह ब्रजवासी, रघुराज सिंह निश्चल, नकुल त्यागी, योगेन्द्र वर्मा व्योम, प्रशान्त मिश्र, मनोज वर्मा मनु, पदम सिंह बेचैन, डॉ मनोज रस्तोगी आदि ने भी विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपनी काव्यात्मक अभिव्यक्ति की। संस्था के महासचिव जितेन्द्र कुमार जौली ने आभार अभिव्यक्त किया ।























कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें