मुरादाबाद मंडल के जनपद रामपुर स्थित राजकली देवी शैक्षिक पुस्तकालय (टैगोर स्कूल) पीपल टोला में बुधवार 8 फरवरी 2023 को टैगोर पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में रामपुर के साहित्यकारों की पुस्तकें तथा प्राचीन दुर्लभ समाचार पत्र अवलोकनार्थ रखे गए थे।
प्रदर्शनी का उद् घाटन मुरादाबाद से पधारे साहित्यिक मुरादाबाद शोधालय के संस्थापक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मनोज रस्तोगी ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में 1952 तथा 1955 के साप्ताहिक पत्रों की मूल प्रतियों को देखकर कहा कि प्राचीन समाचार पत्रों को देखकर हमें अपने अतीत के इतिहास की जानकारी मिलती है। उन्होंने जनपद के दुर्लभ साहित्य संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए साहित्यकारों से आगे आने का आह्वान किया।
प्रबंधक रवि प्रकाश ने प्रदर्शनी में रखी गई विभिन्न पुस्तकों, साप्ताहिक अखबारों तथा महापुरुषों के पत्रों के बारे में विस्तार से बताया । प्रदर्शनी में रामपुर से प्रकाशित सर्वप्रथम हिंदी साप्ताहिक ज्योति के 26 जून 1952 के प्रथम पृष्ठ की मूल प्रति तथा श्री रघुवीर शरण दिवाकर राही के साप्ताहिक पत्र प्रदीप के 26 जनवरी 1955 के प्रवेशांक के संपादकीय पृष्ठ की मूल प्रति भी थी।
इसके अतिरिक्त बृजराज शरण गुप्त की पुस्तक कैलास मानसरोवर यात्रा , भगवान सवरूप सक्सेना मुसाफिर की पुस्तक नर्तकी, प्रो ईश्वर शरण सिंघल का उपन्यास जीवन के मोड़ तथा डॉ मनमोहन शुक्ल व्यथित के काव्य संकलन भी इस संग्रह में रखे गए थे। ओमकार शरण ओम के काव्य संग्रह धड़कन , संत कवि रविदेव रामायणी की पुस्तक श्रीराम रसमंजरी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।
प्रदर्शनी में मुख्य रूप से वरिष्ठ कवि शिवकुमार चंदन, ओंकार सिंह विवेक, अनमोल रागिनी चुनमुन, नवीन पांडेय तथा सहकारी युग हिंदी साप्ताहिक की पूर्व संपादक नीलम गुप्ता की उपस्थित रही।
 






























 
टैगोर पुस्तक प्रदर्शनी में पधारने के लिए आदरणीय डॉक्टर मनोज रस्तोगी का हृदय से धन्यवाद
जवाब देंहटाएंरवि प्रकाश रामपुर
आयोजन निश्चित रूप से शानदार रहा । इसके लिए आप को बहुत बहुत बधाई ।
हटाएं