मंगलवार, 13 सितंबर 2022

मुरादाबाद के साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' को हिन्दी साहित्य संगम ने 13 सितम्बर 2022 को हिन्दी साहित्य गौरव सम्मान से किया अलंकृत

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम की ओर से सुप्रसिद्ध नवगीतकार  योगेन्द्र वर्मा व्योम को उनके साहित्यिक अवदान के लिये, हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार 13 सितंबर 2022 को आयोजित  समारोह में हिन्दी साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया।  कार्यक्रम मिलन विहार स्थित आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। मीनाक्षी ठाकुर द्वारा प्रस्तुत माॅं शारदे की वंदना से आरम्भ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध नवगीतकार यश भारती माहेश्वर तिवारी ने की। मुख्य अतिथि डॉ अजय अनुपम एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ओंकार सिंह ओंकार और डॉ प्रेमवती उपाध्याय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन राजीव प्रखर ने किया।                 

         सर्वप्रथम वरिष्ठ रचनाकार डॉ. मनोज रस्तोगी ने योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आलेख प्रस्तुत करते हुए कहा ...मुरादाबाद ही नहीं राष्ट्रीय साहित्यिक पटल पर भी अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके योगेंद्र वर्मा व्योम के मन के गांव में बसी भावनाएं जब शब्दों का रूप लेकर नवगीत, ग़ज़ल और दोहों के माध्यम से अभिव्यक्त होती हैं तो वह अपने पाठकों / श्रोताओं की सोच को  झकझोर देती हैं। उनके नवगीत जिंदगी के विभिन्न रूपों के गीत हैं जो हम से बतियाते हैं और हमारे साथ उनके नवगीत जिंदगी के विभिन्न रूपों के गीत हैं जो हम से बतियाते हैं और हमारे साथ खिलखिलाते भी हैं। उन्हें पढ़/ सुनकर हमारा अस्त व्यस्त मन कभी गुनगुनाने लगता है तो कभी चहचहाने लगता है तो कभी निराशा और हताशा के बीच आशाओं के दीप जलाने लगता है।          

      तत्पश्चात् श्री व्योम को हिंदी साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें अंगवस्त्र, मान-पत्र एवं प्रतीक चिह्न अर्पित किये गए। अर्पित मान-पत्र का वाचन संस्था के महासचिव जितेन्द्र कुमार जौली ने किया। इस अवसर पर सम्मानित साहित्यकार  योगेन्द्र वर्मा व्योम  ने अपना गीत प्रस्तुत किया -

 "मेरे भीतर भी इक पावन गंगा बहती है। 

माँ बनकर आशीष सदा देती, दुलराती है,

 गुस्सा करती नहीं कभी, हर पल मुस्काती है।

 पग-पग पर हरियाली बोती, चलती रहती है।"

       श्री व्योम की साहित्यिक-यात्रा पर अपने विचार रखते हुए सुप्रसिद्ध नवगीतकार माहेश्वर तिवारी का कहना था - "व्योम जी की रचनाओं से होकर गुजरना अपने समय के जीवन-संघर्षों से जुड़े परिदृश्यों से होकर गुजरना है।"

       मुख्य अतिथि डॉ अजय अनुपम ने कहा - "योगेन्द्र वर्मा व्योम मुरादाबाद के साहित्य जगत पर व्योम की भांति हैं।" 

      विशिष्ट अतिथि  ओंकार सिंह ओंकार ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा - "व्योम जी बहुत आसान शब्दों में गम्भीर विषयों पर सुन्दर रचना करने में महारत रखते हैं।" 

     वरिष्ठ कवयित्री डाॅ प्रेमवती उपाध्याय ने योगेन्द्र वर्मा व्योम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा -"व्योम जी की रचनाओं की यह सबसे बड़ी विशेषता है कि वह बिना किसी लाग-लपेट अथवा कृत्रिमता के, सीधे पाठकों व श्रोताओं के हृदय तक पहुॅंचती हैं।"

       सुप्रसिद्ध शायर डॉ. कृष्ण कुमार 'नाज़' द्वारा श्री व्योम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर लिखित आलेख का वाचन करते हुए राजीव प्रखर ने कहा - "व्योम जी आज देशभर में नवगीत के क्षेत्र में अपना वह मुक़ाम पा चुके हैं, जो बहुत कम लोगों का मुक़द्दर होता है। उनके यहाँ प्रत्येक भाषा के बहुप्रचलित शब्द आसन जमाये विराजमान होते हैं। बिंब बहुत साफ़-सुथरे और आम आदमी की पहुँच में आने वाले होते हैं।" 

     इस अवसर पर  जितेन्द्र कुमार जौली, दुष्यन्त बाबा, वीरेन्द्र सिंह ब्रजवासी, मयंक शर्मा, रामदत्त द्विवेदी, नकुल त्यागी, पूनम बंसल, मीनाक्षी ठाकुर, प्रशान्त मिश्र, मनोज मनु, अभिव्यक्ति सिन्हा, अमर सक्सेना, राघव गुप्ता, ज़िया जमीर, राहुल शर्मा, डॉ. पूनम बंसल, के. पी. सिंह सरल आदि रचनाकारों ने योगेन्द्र वर्मा व्योम जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला एवं उन्हें बधाई दी। रामदत्त द्विवेदी ने आभार-अभिव्यक्त किया।












































कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें