शुक्रवार, 25 अगस्त 2023

मुरादाबाद के साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा व्योम के नौ दोहे ....


मिला तिरंगे को नया, आज मान-सम्मान । 

पहुँच गया जब चाँद पर, विश्वासों का यान ।। 1।।

दृढ़ संकल्पों के सफल, जग में हम पर्याय । 

झंडा गाढ़ा चाँद पर, लिखा नया अध्याय।। 2।।

भारत की उपलब्धि से बढ़ी जगत में शान । 

मूक-बधिर से हो गये, चीन- रूस-जापान।। 3।।

भारत का संसार में, बढ़ा मान-सम्मान । 

कामयाब जब हो गई, सपनों भरी उड़ान ।।4।।

 सुन चंदा की भूमि से, भारत का जय नाद । 

संकल्पों ने भी किया, दृढ़ता का अनुवाद ।।5।। 

चन्द्रयान की सफलता, बना हमारा गर्व ।

 हर जन के मन में मना, नया राष्ट्रीय पर्व ।।6।।

 मिलने पहुँचा चाँद से, भारत का विश्वास । 

लो हमने भी रच दिया, एक नया इतिहास ।। 7।।

दुनिया में फिर से बनी, एक अलग पहचान।

पहुँच गया लो चाँद पर, अपना हिन्दुस्तान।। 8।।

आज तिरंगे की हुई, जग में जय-जयकार |

मिशन चन्द्रमा का हुआ, सपना जब साकार ।।9।।

✍️ योगेन्द्र वर्मा व्योम

मुरादाबाद 244001

उत्तर प्रदेश, भारत

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें