रविवार, 23 अक्तूबर 2022

मुरादाबाद मंडल के कुरकावली ( जनपद संभल ) निवासी साहित्यकार त्यागी अशोका कृष्णम् के दोहे ......आलोकित हो जिंदगी, दीवाली सी रोज



शुभ शुभ शुभ शुभ कामना, शुभचिंतक संदेश।

आई शुभ दीपावली,जगमग सब परिवेश।।


धनतेरस दीपावली,आई भाई दूज।

गोवर्धन के साथ में ,मिलकर सबको पूज।। 


लाई है दीपावली,अंधकार का नाश।

हारे मन की जीत है,विश्वासों के ताश।।


रौशन दीपों से हुआ, नगर गली हर गांव।

उखड़े उखड़े आज हैं,अंधकार के पांव।।


खील बताशे साथ में,खांड खीर के भोज।

आलोकित हो जिंदगी, दीवाली सी रोज।।


महलों में झालर लगीं, रौशन कुटिया द्वार।

लाये धन की बदलियां, दीपों का त्यौहार।। 


धन वैभव यश कामना, दीवाली के साथ।

कृपा से प्रभु राम की, मिलें सभी पुरुषार्थ।।


अष्ट सिद्धि निधियाँ मिलें, नव, सुख  हाथों हाथ।

धन देवी का आगमन,शुभ चरणों के साथ।।


✍️ त्यागी अशोका कृष्णम्

कुरकावली, संभल 

उत्तर प्रदेश, भारत


1 टिप्पणी:

  1. बहुत-बहुत आभार साहित्यिक मुरादाबाद आपका बहुत-बहुत आभार डॉ मनोज रस्तोगी जी आपका

    जवाब देंहटाएं