रविवार, 15 मार्च 2020

मुरादाबाद के साहित्यकार वीरेंद्र सिंह बृजवासी की कविता -- जागरूक होकर करो कोरोना से युद्ध

कोरोना का हो गया
दुनियाँ   में  फैलाव
औषधीश  हैरान हैं
कैसे   करें   बचाव।

औषधि मिल पाई नहीं
मिला  न   कोई    भेद
ताप,छींक, खांसी करे
श्वसन  तंत्र   में   छेद।

करो नमन करबद्ध हो
नहीं    मिलाओ   हाथ
भीड़  भरे   स्थान   से
इसे  न   लाओ   साथ।

मास्क लगाके हीचलो
रखो  जेब   में   सोप
गर्म   नीर  में   धोइये
धोती    कुर्ता     टोप।

जागरूक  होकर करो
कोरोना     से      युद्ध
तभी  बचेगी   जिंदगी
होगा   तन-मन   शुद्ध।

शुद्ध  बुद्धि  के सामने
टिकता  नहीं   अशुद्ध
हार   मानकर  बैठता
नहीं    कभी    प्रबुद्ध

सफर त्यागकरके सभी
करो   फोन   पर   बात
तभी संक्रमण को सखे
दे      पाओगे      मात।
       
**वीरेन्द्र सिंह ब्रजवासी
मुरादाबाद 244001
उत्तर प्रदेश, भारत
मोबाइल फ़ोन नम्बर 9719275453

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें